ठाणे में दूसरी मंजिल की खिड़की की ग्रिल गिरने से दो बच्चे घायल
ठाणे में दूसरी मंजिल की खिड़की की ग्रिल गिरने से दो बच्चे घायल
ठाणे, 13 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में दूसरी मंजिल पर स्थित एक मकान की खिड़की की ग्रिल अचानक टूटकर गिरने से उस पर बैठे दो नाबालिग बच्चे नीचे गिर गए और घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना रविवार दोपहर भिवंडी शहर के दरगाह रोड स्थित एक मस्जिद के पास हुई।
भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि आठ और 10 वर्ष की आयु के दोनों बच्चे अपने रिश्तेदारों से मिलने आए थे। वे चार मंजिला आवासीय इमारत की दूसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट की खिड़की की ग्रिल पर बैठे थे, तभी ग्रिल अचानक टूटकर गिर गई।
उन्होंने बताया कि दोनों बच्चे नीचे गिरकर घायल हो गए। उन्हें तत्काल पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
अधिकारी ने बताया कि यह इमारत नगर निगम की जर्जर एवं खतरनाक इमारतों की सूची में शामिल नहीं थी। ग्रिल गिरने के कारणों की जांच की जा रही है।
भाषा मनीषा रंजन
रंजन

Facebook


