पुणे में वारकरियों की शोभायात्रा में ट्रक के घुसने से तीन महिलाओं की मौत
पुणे में वारकरियों की शोभायात्रा में ट्रक के घुसने से तीन महिलाओं की मौत
पुणे, 13 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले में सोमवार को वारकरी समुदाय की ‘वारी’ शोभायात्रा के साथ चल रहे एक ट्रक ने वारकरियों (भगवान विट्ठल के भक्तों) को टक्कर मार दी जिससे तीन महिलाओं की मौत हो गई जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह हादसा सासवड-जेजुरी रोड पर हुआ।
पुलिस अधीक्षक (पुणे ग्रामीण) संदीप सिंह गिल ने बताया कि नांदेड़ जिले में लोहा से रंगनाथ महाराज की ‘डिंडी’ (तीर्थयात्रियों का समूह) के एक ट्रक ने जेजुरी की ओर बेल्सर टोल नाके से लगभग 500 मीटर दूर सांगली जिले के कसबेदिगराज की ‘डिंडी’ के वारकरियों के एक समूह को टक्कर मार दी।
गिल ने कहा, ‘‘इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई जबकि सात अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जेजुरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’
घटना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
हर साल, आषाढ़ी एकादशी के मौके पर राज्य भर से वारकरी ‘वारी’ शोभायात्रा के तहत जिले के पंढरपुर शहर जाते हैं और भगवान विट्ठल के मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं।
भाषा सुरभि रंजन
रंजन

Facebook


