बारह घंटे तक बंद रहने के बाद कर्जत-खोपोली स्टेशन के बीच ट्रेन सेवाएं आंशिक रूप से बहाल
बारह घंटे तक बंद रहने के बाद कर्जत-खोपोली स्टेशन के बीच ट्रेन सेवाएं आंशिक रूप से बहाल
मुंबई, छह जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के रायगड जिले में लोवजी और डोलावली स्टेशनों के बीच भारी बारिश के कारण पटरियों के नीचे से गिट्टी बह जाने की वजह से रायगढ़ जिले में कर्जत और खोपोली के बीच ट्रेन सेवाएं लगभग 12 घंटे तक निलंबित रहने के बाद सोमवार शाम को आंशिक रूप से बहाल कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मध्य रेलवे ने बताया कि मरम्मत कार्य के बाद पलसधरी और खोपोली स्टेशन के बीच एकल रेल लाइन को सुरक्षित घोषित कर दिया गया। इसके बाद पहली ट्रेन को 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया गया। बाद में अन्य ट्रेन को 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने की अनुमति दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि पलसधरी और खोपोली स्टेशन के बीच रेल लाइन को पूरी तरह बहाल करने का काम जारी है।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने इससे पहले बताया था कि लौजी और डोलावली स्टेशन के बीच पटरियों के नीचे से गिट्टी बह जाने के कारण इस रेलखंड पर ट्रेन सेवाएं रोकनी पड़ी थीं।
कर्जत-खोपोली रेलखंड मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क का हिस्सा है और इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों यात्री कामकाज के लिए मुंबई आते-जाते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मध्य रेलवे की चारों उपनगरीय रेल लाइनों मुख्य लाइन, हार्बर लाइन, ट्रांस-हार्बर लाइन और बेलापुर-उरण लाइन पर कुछ देरी के बावजूद रेल सेवाएं सामान्य रहीं।
उन्होंने बताया कि अपराह्न करीब 1.30 बजे मुख्य लाइन पर भांडुप स्टेशन के निकट एक ‘प्लास्टिक शीट’ ओवरहेड विद्युत उपकरण (ओएचई) में फंस जाने तथा हार्बर लाइन पर जीटीबी स्टेशन के पास पेड़ की एक शाखा गिरने से कुछ समय के लिए सेवाएं प्रभावित हुईं।
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण हुए कई भूस्खलनों के चलते कर्जत-लोनावला घाट रेलखंड पर ट्रेन सेवाएं अब भी निलंबित हैं।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


