पालघर जिले में ट्रक चालक हमले में गंभीर रूप से घायल
पालघर जिले में ट्रक चालक हमले में गंभीर रूप से घायल
पालघर, पांच अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर स्थित एक होटल में हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने ट्रक चालक पर कथित रूप से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मनोर थाना क्षेत्र अंतर्गत वाडा खड़कोना स्थित एक होटल में शनिवार शाम यह घटना हुई।
उन्होंने कहा कि ट्रक चालक दानिश खान (30) दोपहर के भोजन के लिए होटल में रुका था, जहां से निकलने के बाद उसे एहसास हुआ कि वह अपने ट्रक की चाबी वहीं भूल गया है और उसे लेने के लिए वह वापस लौटा।
अधिकारी ने कहा, ‘‘चाबी को लेकर मामूली विवाद हाथापाई में बदल गया। होटल में मौजूद कुछ लोगों ने चालक पर कथित तौर पर हमला कर दिया। यह भी आरोप है कि हमले के दौरान उस पर पेट्रोल डाल दिया गया।’’
पुलिस ने बताया कि खान को गंभीर चोटें आईं और उसे मनोर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारी ने कहा कि होटल के प्रबंधक मनोज सिंह और दिनेश सिंह को हिरासत में ले लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
भाषा यासिर नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


