अजित पवार के विमान हादसे के पीछे की सच्चाई सामने आनी चाहिए: फडणवीस
अजित पवार के विमान हादसे के पीछे की सच्चाई सामने आनी चाहिए: फडणवीस
पुणे, 21 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को बारामती विधानसभा सीट पर उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन पूर्व उपमुख्यमंत्री और दिवंगत अजित पवार के गृह क्षेत्र में एक रैली को संबोधित किया और कहा कि जिस विमान हादसे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के पूर्व प्रमुख (अजित पवार) की जान गई, उसके पीछे की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार 23 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव में राकांपा की उम्मीदवार हैं।
फडणवीस ने दिवंगत नेता के साथ जनता के भावनात्मक जुड़ाव की ओर इशारा किया।
उन्होंने कहा, “जैसा कि सुनेत्रा पवार ने कहा अजित दादा की दुर्घटना जिस तरह से हुई, उससे हर किसी के मन में यह प्रबल भावना उत्पन्न हुई कि इस घटना के पीछे की सच्चाई सामने आनी चाहिए।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने विधानसभा में भी यही कहा था और मैं फिर से दोहराता हूं कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आ जाती, हममें से कोई भी चुप नहीं बैठेगा। सच्चाई सामने आने तक हम चैन से नहीं बैठेंगे।”
फडणवीस ने कहा कि सुनेत्रा पवार को वोट देना अजित पवार को श्रद्धांजलि देने का अवसर है।
उन्होंने कहा, “सुनेत्रा पवार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की कोई वास्तविक पहचान नहीं है और वे केवल प्रचार के लिए ऐसा कर रहे हैं।”
बारामती हवाई अड्डे के पास 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में अजित पवार का निधन हो गया था, जिसके बाद यह सीट खाली हुई थी।
सुनेत्रा पवार के अलावा 22 निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव

Facebook


