अश्लील वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट भेजकर नाबालिग को परेशान करने के आरोप में युवक पर मामला दर्ज
अश्लील वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट भेजकर नाबालिग को परेशान करने के आरोप में युवक पर मामला दर्ज
ठाणे, पांच सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे में 16 वर्षीय लड़की को ब्लैकमेल करने, वीडियो कॉल के दौरान अश्लील स्क्रीनशॉट लेने और शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
शिल दैघर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी जलालुद्दीन खान (23) उर्फ सईद ने दो साल पहले फोन के जरिए नाबालिग पीड़िता से संपर्क किया था और बाद में उस पर संबंध बनाने के लिए दबाव डाला।
अधिकारी ने बताया कि करीब आठ-10 दिन पहले खान ने वीडियो कॉल के दौरान पीड़िता की सहमति के बिना स्क्रीनशॉट ले लिया। शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद खान ने दो सितंबर को ये स्क्रीनशॉट ‘इंस्टाग्राम’ पर साझा कर दिए।
उन्होंने बताया कि खान के खिलाफ यौन उत्पीड़न, पीछा करने, आपराधिक धमकी देने और अन्य अपराधों के लिए बच्चों का यौन अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि खान को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश

Facebook


