महाराष्ट्र के लातूर में पुलिसकर्मी पर हमला करने के आरोप में दो गिरफ्तार
महाराष्ट्र के लातूर में पुलिसकर्मी पर हमला करने के आरोप में दो गिरफ्तार
लातूर, आठ सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले के औसा में पुलिस कांस्टेबल पर कथित रूप से हमला करने और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त करने के मामले में मंगलवार को दो लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। एख अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार देर रात करीब एक बजे सरकारी अस्पताल से लगभग तीन किलोमीटर दूर प्रवीण पान स्टॉल के पास हुई।
अधिकारी ने बताया कि कांस्टेबल योगीराज नागरगोजे की शिकायत के अनुसार, आरोपी साहिल सैयद और शाहिद सैयद सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव कर रहे थे। उन्होंने बताया कि दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है।
अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों की ओर से डायल 112 आपातकालीन सेवा पर सूचना दिए जाने के बाद नागरगोजे और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि कांस्टेबल ने जब दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया, तो उन्होंने कथित रूप से उनके साथ गाली-गलौज की। कांस्टेबल ने आरोप लगाया कि उनमें से एक ने पत्थर उठाकर अपने सिर पर मार लिया और पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कराने की धमकी दी।
अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को चिकित्सकीय जांच के लिए औसा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कथित तौर पर उन्होंने वहां भी कांस्टेबल के साथ गाली-गलौज जारी रखी।
अधिकारी के मुताबिक, उनमें से एक ने कांस्टेबल की वर्दी फाड़ दी, उसे लात-घूंसों से पीटा और उसका गला दबाने का प्रयास किया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कथित रूप से एक पत्थर उठाकर अस्पताल के बाहर खड़े पुलिस वाहन के पीछे के शीशे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) और धारा 132 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप

Facebook


