मुंबई में भारी बारिश के बीच पेड़ गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत
मुंबई में भारी बारिश के बीच पेड़ गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत
मुंबई, पांच जुलाई (भाषा) मुंबई में रविवार को भी जारी मूसलाधार बारिश के बीच पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 18 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार युवक और एक वरिष्ठ नागरिक की मौत हो गई। इसके साथ ही शहर में एक सप्ताह से भी कम समय में पेड़ गिरने की घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
नगर निकाय के अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 12.40 बजे कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में हिंदी बीएमसी स्कूल के पास एक दुकान पर पेड़ गिर गया।
उन्होंने बताया कि मलबे में फंसे यूनुस कुंदावाला को बाहर निकालकर फौजिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य घटना में गोरेगांव पूर्व स्थित आरे कॉलोनी इलाके में मोटरसाइकिल चला रहे 18 वर्षीय युवक पर पेड़ की एक शाखा गिरने से उसकी मौत हो गई।
नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार दोपहर हुई थी, लेकिन इसकी सूचना अधिकारियों को रविवार को दी गई।
उन्होंने बताया कि कुमार हसन रजा जहांगीर आलम सैयद अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी पेड़ की एक शाखा टूटकर उसके सिर पर गिर गई।
अधिकारी ने बताया कि उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये घटनाएं 30 जून को चेंबूर में हुई उस दुर्घटना के कुछ ही दिन बाद सामने आई हैं, जिसमें एक पेड़ चलती स्कूल बस पर गिर गया था। इस हादसे में 11 वर्षीय एक बालक की मौत हो गई थी और कई अन्य लोग घायल हो गए थे।
भाषा
राखी संतोष
संतोष

Facebook


