ठाणे, 26 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के येऊर जंगल में तीर लगने से बंदरों के घायल होने के दो मामलों में वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है और दोषियों के बारे में जानकारी देने वाले को 25,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
वन विभाग द्वारा बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि हाल में दो दिन के भीतर दो बंदरों को इसी तरह निशाना बनाया गया था, जिनके गले और जबड़े में तीर लगे हुए थे।
वन्यजीव कल्याण विशेषज्ञों ने घायल जानवरों को बचाया और तत्काल उनका इलाज किया।
वन विभाग ने बताया कि दोषियों के बारे में विश्वसनीय जानकारी देने वाले को 25,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा।
एक अधिकारी ने बताया, “अपराधियों का पता लगाने के लिए हमने तीन टीम गठित की हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और सभी संभावित सुरागों का पता लगाया जा रहा है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
विज्ञप्ति में कहा गया है कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ 20 और 22 मार्च को दो मामले दर्ज किए गए थे।
भाषा तान्या वैभव
वैभव