ठाणे के बाजार में लगी भीषण आग, दमकलकर्मी समेत दो लोगों की मौत
ठाणे के बाजार में लगी भीषण आग, दमकलकर्मी समेत दो लोगों की मौत
ठाणे, 21 मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे रेलवे स्टेशन के पास एक बाजार परिसर में बृहस्पतिवार तड़के भीषण आग लगने से एक दमकलकर्मी और एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि गामदेवी बाजार परिसर में सब्जी और कपड़ों की दुकाने हैं, वहां तड़के तीन बजकर 45 मिनट पर आग लगने के बाद ‘‘ब्रिगेड कॉल’ (अधिकतम दमकल संसाधनों की आवश्यकता वाली स्थिति) घोषित की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकानों से उठती विशाल लपटों और घने धुएं से इलाके में दहशत फैल गई।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रशांत रोडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस घटना में एक दमकलकर्मी और एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई।
क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि इस घटना में दो दमकलकर्मी झुलस गए हैं।
उन्होंने बताया कि ‘‘आग विकराल’’ थी और इसने बाजार को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। यहां कपड़ों की दुकानें, सब्जी और फल का बाजार, साथ ही स्थानीय नगरपालिका के एक वार्ड का कार्यालय भी है।
उन्होंने बताया, ‘‘ आग बृहस्पतिवार तड़के लगी और इस पर काबू पाने के लिए अभियान जारी है। शहरभर के सभी दमकल वाहनों और आरडीएमसी टीम को आग बुझाने के काम में लगाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि दुकानों में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कपड़ों का भंडार होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
भाषा शोभना खारी
खारी

Facebook


