मुंबई में कार की टक्कर से दोपहिया सवार व्यक्ति की मौत, पत्नी समेत दो घायल
मुंबई में कार की टक्कर से दोपहिया सवार व्यक्ति की मौत, पत्नी समेत दो घायल
मुंबई, 29 सितंबर (भाषा) मुंबई के खार इलाके में एक कार द्वारा दोपहिया वाहन को टक्कर मारे जाने के कारण 41-वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और एक अन्य स्कूटर चालक घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सोमवार शाम खार (पश्चिम) स्थित सीडी रोड चौराहे पर हुआ।
मृतक की पहचान अय्यप्पन सेल्वराज हरिजन के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में उनकी पत्नी नैंसी (37) के हाथ में चोट आई है, जबकि एक अन्य स्कूटर चालक की बांह में फ्रैक्चर हो गया।
नैंसी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से बांद्रा की ओर जा रही थीं, तभी पीछे से आ रही एक सफेद रंग की कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही नैंसी सड़क पर जा गिरीं, जबकि हेलमेट पहने होने के बावजूद उनके पति कार के नीचे फंस गए। वहां मौजूद राहगीरों ने तुरंत कार को उठाकर उन्हें बाहर निकाला।
एक अधिकारी ने बताया कि दोनों पीड़ितों को ऑटोरिक्शा से भाभा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने अय्यप्पन को मृत घोषित कर दिया। उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं।
कार चालक की पहचान सुधीर सीताराम सावंत (71) के रूप में हुई है। शिकायत के आधार पर खार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश

Facebook


