वाइस एडमिरल संजय वात्सायन ने डब्ल्यूएनसी के ‘फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ’ का पदभार ग्रहण किया

Ads

वाइस एडमिरल संजय वात्सायन ने डब्ल्यूएनसी के ‘फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ’ का पदभार ग्रहण किया

  •  
  • Publish Date - May 30, 2026 / 06:36 PM IST,
    Updated On - May 30, 2026 / 06:36 PM IST

मुंबई, 30 मई (भाषा) वाइस एडमिरल संजय वात्सायन ने महत्वपूर्ण पश्चिमी नौसैन्य कमान (डब्ल्यूएनसी) के ‘फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ’ के रूप में शनिवार को कार्यभार संभाल लिया।

उन्होंने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन से पदभार ग्रहण किया, जो 31 मई से अगले नौसेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

इस संबंध में एक बयान में कहा गया कि पश्चिमी नौसैन्य कमान के ‘फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ’ के रूप में अपनी नियुक्ति से पहले, वात्सायन ने नौसेना मुख्यालय में नौसेना स्टाफ के 47वें वाइस चीफ के रूप में कार्य किया, जहां वह भारतीय नौसेना के क्षमता विकास और भविष्य की तैयारियों के लिए जिम्मेदार थे।

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला, पुणे के पूर्व छात्र, फ्लैग ऑफिसर को एक जनवरी, 1988 को भारतीय नौसेना में नियुक्ति मिली थी।

बयान में कहा गया कि तोपखाने और मिसाइल प्रणालियों के विशेषज्ञ, वात्सायन ने उनके तीन दशकों से अधिक के विशिष्ट नौसैनिक करियर के दौरान, समुद्र और तट दोनों पर, कमान, परिचालन, स्टाफ और प्रशिक्षण संबंधी कई तरह की जिम्मेदारियां संभाली हैं।

वात्सायन ने तटरक्षक जहाज सी-05, मिसाइल पोत आईएनएस विभूति और नाशक, मिसाइल कॉर्वेट आईएनएस कुथार और गाइडेड मिसाइल पोत आईएनएस सह्याद्री की कमान सहित विभिन्न अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों पर अपनी सेवाएं दी हैं।

वात्सायन परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक और नौसेना पदक से सम्मानित हो चुके हैं।

भाषा

प्रशांत नेत्रपाल

नेत्रपाल