मुंबई समाचार के 204 साल पूरे होने पर सप्ताह भर चलेंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
मुंबई समाचार के 204 साल पूरे होने पर सप्ताह भर चलेंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
मुंबई, 31 मार्च (भाषा) एशिया के सबसे पुराने समाचार पत्र ‘मुंबई समाचार’ के 204 साल पूरे होने के असाधारण अवसर पर, भारतीय भाषाओं के सम्मान में संगीत कार्यक्रम और आध्यात्मिक प्रवचन सहित एक सप्ताह तक चलने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा
मुंबई समाचार से प्रेरित होकर मातृभाषा प्रतिष्ठान की ओर से ‘मातृभाषा भागवत सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आध्यात्म, संस्कृति और भाषाई गौरव का सामंजस्यपूर्ण मिश्रण प्रस्तुत करना है।
यह कार्यक्रम दो अप्रैल से आठ अप्रैल तक पश्चिमी उपनगर बोरीवली पश्चिम के चिकुवाडी मैदान में आयोजित किया जाएगा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन साहित्यिक हस्तियों को सम्मानित करना और उनका आभार व्यक्त करना है जिन्होंने अपनी पूरी जीवन विभिन्न मातृभाषाओं के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में समर्पित किया।
इस कार्यक्रम में देशभर की 151 प्रतिष्ठित साहित्यिक हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
उपस्थित लोग मराठी, गुजराती, हिंदी, उर्दू और बांग्ला जैसी भाषाओं में साहित्यिक हस्तियों के जीवन, कृतियों और अमूल्य योगदान के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे।
अदाणी समूह के सहयोग से ‘मुंबई समाचार’ के संपादक नीलेश दवे इस आयोजन का नेतृत्व करेंगे।
दवे ने कहा, ‘‘समाज के रूप में हम धीरे-धीरे अपने साहित्यिक हस्तियों को भूलते जा रहे हैं, और कई मातृभाषाओं की स्थिति बहुत मजबूत नहीं है, क्योंकि वे बढ़ती चुनौतियों और बाहरी प्रभावों का सामना कर रही हैं। इस पहल के माध्यम से मातृभाषाओं का समर्थन और प्रचार करने के साथ-साथ साहित्यिक योगदानकर्ताओं को याद करने और उनके प्रति अपने बौद्धिक और सांस्कृतिक ऋण को उतारने का प्रयास किया जा रहा है।’’
भाषा रंजन माधव
माधव

Facebook


