पश्चिम रेलवे ने नियमों के उल्लंघन के लिए कैटरिंग की 22 इकाइयों पर जुर्माना लगाया

पश्चिम रेलवे ने नियमों के उल्लंघन के लिए कैटरिंग की 22 इकाइयों पर जुर्माना लगाया

पश्चिम रेलवे ने नियमों के उल्लंघन के लिए कैटरिंग की 22 इकाइयों पर जुर्माना लगाया
Modified Date: August 21, 2026 / 05:02 pm IST
Published Date: August 21, 2026 5:02 pm IST

मुंबई, 21 अगस्त (भाषा) पश्चिम रेलवे ने अप्रैल से जुलाई के बीच विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर संचालित कैटरिंग की 22 इकाइयों पर नियमों के उल्लंघन के लिए कुल 1.14 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए पश्चिम रेलवे ने उपनगरीय रेलवे स्टेशनों पर 301 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

जिन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, उनमें 292 रेलवे इकाइयां, आईआरसीटीसी द्वारा संचालित सात इकाइयां और दो रेल कोच रेस्तरां शामिल थे।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार के उल्लंघन पाए जाने पर 22 इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई और उन पर जुर्माना लगाया गया।

पश्चिम रेलवे ने बताया कि स्टेशनों पर खानपान और वेंडिंग इकाइयों में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने रेलवे स्टेशनों पर खानपान इकाइयों को महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) द्वारा बंद कराये जाने की मीडिया में प्रसारित खबरों को खारिज कर दिया।

एफडीए ने हाल में मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में खराब स्वच्छता तथा अन्य नियमों के उल्लंघन के कारण कई प्रमुख खानपान प्रतिष्ठानों को बंद कराया था।

अभिषेक ने स्पष्ट किया, ‘‘हम खानपान इकाइयों के खिलाफ नियमित रूप से कार्रवाई करते हैं। पिछले दो-तीन सप्ताह में हमने कुछ स्टॉल बंद किए हैं, लेकिन इन्हें हमारी नियमित जांच के बाद बंद किया गया था और इसका एफडीए से कोई संबंध नहीं था।’’

उन्होंने बताया कि पश्चिम रेलवे मुंबई के बाहर भी खानपान इकाइयों का इसी तरह नियमित निरीक्षण करता है।

अधिकारियों के अनुसार, पश्चिम रेलवे ने जुलाई तक खानपान और वेंडिंग इकाइयों के 1,523 नियमित तथा औचक निरीक्षण किए।

इन निरीक्षणों में 351 अधिकारी और 1,172 पर्यवेक्षक शामिल रहे।

खाद्य गुणवत्ता की निगरानी के तहत पश्चिम रेलवे ने जुलाई तक जांच के लिए खाद्य पदार्थों के 855 नमूने और पैकेट पेयजल के 142 नमूने एकत्र किए थे।

पश्चिम रेलवे ने डीप फ्राई के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले खाद्य तेल की गुणवत्ता की निगरानी के लिए 48 टोटल पोलर मैटेरियल (टीपीएम) मीटर उपलब्ध कराए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि खानपान स्टॉलों पर खाद्य स्वच्छता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए 15 से 31 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इस दौरान 300 निरीक्षण किए जाने की योजना है।

पश्चिम रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि जोन में अनधिकृत वेंडिंग के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में