आरएसएस प्रमुख भागवत के कार्यक्रम में सलमान खान को आमंत्रित करने में गलत क्या है?: शिंदे
आरएसएस प्रमुख भागवत के कार्यक्रम में सलमान खान को आमंत्रित करने में गलत क्या है?: शिंदे
(फाइल फोटो के साथ)
मुंबई, 11 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने संघ प्रमुख मोहन भगवत द्वारा संबोधित एक कार्यक्रम में अभिनेता सलमान खान को आमंत्रित किए जाने पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का बचाव करते हुए सवाल किया कि आखिर समारोह में फिल्म अभिनेता की उपस्थिति में गलत क्या था।
खान समेत कई फिल्मी हस्तियां सप्ताहांत में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं जिसे भागवत ने संबोधित किया था। मुंबई के नेहरू केंद्र में आयोजित यह कार्यक्रम आरएसएस के शताब्दी समारोह के अंतर्गत आयोजित किया गया था।
शिंदे ने कहा कि खान भारतीय नागरिक हैं तथा देश की परंपराओं और संस्कृति में विश्वास रखते हैं। सत्तारूढ़ शिवसेना के प्रमुख शिंदे ने मंगलवार को पूछा, ‘‘आरएसएस के कार्यक्रम में सलमान खान को आमंत्रित करने में गलत क्या है?’’
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आरएसएस एक देशभक्त संगठन है और देशभक्ति आरएसएस कार्यकर्ताओं के रोम रोम में बसी है।
आरएसएस के कार्यक्रम में सलमान खान को भागवत के साथ बातचीत करते देखे जाने के बाद शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में आरएसएस पर कटाक्ष किया था।
राज्यसभा सदस्य ने पूछा था, ‘‘क्या यह अभिनेता सलमान खान का स्वागत था या (यह संदेश था कि) संघ और उसकी शाखाओं में मुसलमानों का भी स्वागत है?’’
हालांकि, महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं राज्य के मंत्री नितेश राणे ने मंगलवार को शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए दावा किया कि सलमान खान उनसे ‘‘अधिक हिंदू’’ हैं और आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम में शामिल होने का साहस दिखाने के लिए अभिनेता की प्रशंसा की।
भाषा सुरभि नरेश
नरेश

Facebook


