महिला ने पति एवं ससुरालवालों पर यौन उत्पीड़न एवं धोखाधड़ी का आरोप लगाया, दो गिरफ्तार

महिला ने पति एवं ससुरालवालों पर यौन उत्पीड़न एवं धोखाधड़ी का आरोप लगाया, दो गिरफ्तार

महिला ने पति एवं ससुरालवालों पर यौन उत्पीड़न एवं धोखाधड़ी का आरोप लगाया, दो गिरफ्तार
Modified Date: May 20, 2026 / 06:45 pm IST
Published Date: May 20, 2026 6:45 pm IST

ठाणे, 20 मई (भाषा) एक महिला (27) ने अपने पति और ससुराल वालों पर महाराष्ट्र एवं बिहार में वर्षों तक शारीरिक, मानसिक तथा यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है तथा महिला के पति और उसके भाई को ठाणे जिले के उल्हासनगर कस्बे से गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, कथित दुर्व्यवहार मार्च 2019 से अब तक बिहार के भागलपुर जिले और यहां के उल्हासनगर में हुआ।

अधिकारी ने कहा, “महिला ने 17 मई को शिकायत दर्ज करायी जिसके अनुसार, मुख्य आरोपी ने अपनी धार्मिक पहचान छुपाकर और ‘विजय’ नाम का फर्जी इस्तेमाल करके उससे दोस्ती की। बाद में उसने बिहार में अपने परिवार की रीति-रिवाजों के अनुसार उससे शादी कर ली।”

अधिकारी ने बताया, “शादी के बाद महिला को कथित तौर पर उसके पति और परिवार के सदस्यों ने प्रताड़ित किया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका यौन उत्पीड़न किया गया।”

एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने उल्हासनगर पुलिस को बताया कि वह इतने वर्षों तक चुप रही क्योंकि आरोपियों ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है जिनमें क्रूरता, यौन उत्पीड़न, ‘धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य’ और आपराधिक धमकी शामिल हैं।

पुलिस ने महिला के पति और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा

राजकुमार अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में