पुणे, 27 अगस्त (भाषा) पुणे शहर में मुला नदी के तट पर एक महिला का सिर विहीन और हाथ-पैर कटा शव पाया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को चंदननगर इलाके में नदी के किनारे एक शव पाए जाने के बारे में सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिला का सिर धड़ से अलग करने के साथ उसके हाथ-पैर कंधे और कूल्हे के जोड़ से काटकर अलग किये गये थे।
अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है और चंदननगर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) और 238 (साक्ष्य मिटाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए जांच की जा रही है और पुलिस गुमशुदगी की शिकायतों की भी जांच कर रही है।
भाषा
यासिर संतोष
संतोष