एआईएफएफ ने अपना नाम बदलकर ‘फुटबॉल फेडरेशन ऑफ भारत’ करने का प्रस्ताव रखा

Ads

एआईएफएफ ने अपना नाम बदलकर ‘फुटबॉल फेडरेशन ऑफ भारत’ करने का प्रस्ताव रखा

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 05:28 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 05:28 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने शनिवार को अपना नाम बदलकर ‘फुटबॉल फेडरेशन ऑफ भारत’ (एएफबी) करने के लिए खेल मंत्रालय से संपर्क करने का फैसला किया। यह फैसला यहां हुई विशेष आम सभा में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद लिया गया।

एआईएफएफ के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने पीटीआई को बताया कि नाम बदलने का काम खेल मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद ही होगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महासंघ विश्व संचालन संस्था फीफा से भी मंजूरी लेगा।

चौबे ने कहा, ‘‘यह प्रस्ताव (नाम बदलने का) खेल मंत्रालय को भेजा जाएगा। यह एक प्रक्रिया है और यह प्रक्रिया आज शुरू हो गई है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर मंत्रालय मंजूरी नहीं देता है, या उनकी कोई और राय होती है तो फिर कोई सवाल ही नहीं उठता। अगर मंत्रालय मंजूरी देता है, तो हम इसे आम सभा के समक्ष रखेंगे। फिर हम इसे फीफा को भेजेंगे। यह इस प्रक्रिया का दूसरा हिस्सा है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें कई मंजूरियों की जरूरत है, फीफा की मंजूरी, मंत्रालय की मंजूरी, लेकिन कहीं न कहीं से तो शुरुआत करनी ही होती है। तो यह एक शुरुआत है। ’’

आम सभा ने चार सितंबर से 2026-27 इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) शुरू करने को भी मंजूरी दे दी है। एआईएफएफ का सालाना कैलेंडर भी पास किया गया। आईएसएल का कार्यक्रम प्रबंध समिति तय करेगी।

उम्मीद है कि 2026-27 आईएसएल सत्र पूरे सात महीने का होगा जिसमें हिस्सा लेने वाली 14 टीमों के बीच अपने मैदान और प्रतिद्वंद्वी के मैदान पर (होम और अवे) मैच खेले जाएंगे।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर