एससी समुदाय की महिलाओं ने पूर्व मंत्री ढोबले की ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणियों के खिलाफ किया प्रदर्शन
एससी समुदाय की महिलाओं ने पूर्व मंत्री ढोबले की 'आपत्तिजनक' टिप्पणियों के खिलाफ किया प्रदर्शन
लातूर (महाराष्ट्र), 24 सितंबर (भाषा) अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय की महिलाओं के एक समूह ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री लक्ष्मण ढोबले द्वारा समुदाय की महिलाओं को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में बृहस्पतिवार को लातूर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ढोबले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
नांदेड़ में एक जनसभा के दौरान 13 सितंबर को ढोबले द्वारा अनुसूचित जाति आरक्षण के भीतर उप-वर्गीकरण को लेकर दिए गए कथित बयान के खिलाफ यह प्रदर्शन किया गया।
ढोबले की कथित टिप्पणियों को आपत्तिजनक और अपमानजनक करार देने वाले बैनर के साथ प्रदर्शनकारियों ने पूर्व मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और सांकेतिक रूप से जूते मार कर अपना विरोध जताया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि महार समुदाय की महिलाओं और लड़कियों के संबंध में ढोबले द्वारा की गई टिप्पणियां बेहद अपमानजनक थीं और इससे उनकी भावनाओं को गहरा आघात पहुंचा है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पुलिस ढोबले के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि जाति के आधार पर महिलाओं को निशाना बनाकर की जाने वाली ऐसी बयानबाजी से सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।
महिलाओं ने इस सिलसिले में शहर के गांधी चौक पुलिस थाने में ढोबले के खिलाफ तहरीर भी दी है।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश

Facebook


