समय कम, मेहनत और ईमानदारी से प्रयास करें कांग्रेस कार्यकर्ता : कमलनाथ

समय कम, मेहनत और ईमानदारी से प्रयास करें कांग्रेस कार्यकर्ता : कमलनाथ

समय कम, मेहनत और ईमानदारी से प्रयास करें कांग्रेस कार्यकर्ता : कमलनाथ
Modified Date: March 16, 2024 / 10:01 pm IST
Published Date: March 16, 2024 10:01 pm IST

भोपाल, 16 मार्च (भाषा) कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने आगामी लोकसभा चुनावों में वक्त की कमी की ओर इशारा करते हुए शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव में मेहनत और ईमानदारी से प्रयास करने को कहा।

निर्वाचन आयोग ने शनिवार को लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया।

कमलनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि उनकी सामूहिक और संगठित ताकत शानदार जीत दिलाएगी।

राज्य की 29 लोकसभा सीटों के लिए 19 अप्रैल से 13 मई के बीच चार चरणों में मतदान होगा।

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, ‘मैं राज्य और छिंदवाड़ा के कार्यकर्ताओं से मेहनत और ईमानदारी से काम करने की अपील करता हूं क्योंकि समय कम है।’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा देश, प्रदेश और छिंदवाड़ा के लिए किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाएं और पार्टी के वादे को स्पष्ट शब्दों में उत्साह के साथ जनता के सामने रखें।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘हमारी सामूहिक और संगठित ताकत चुनाव में शानदार जीत हासिल करेगी।’

छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर रिकॉर्ड नौ बार जीत हासिल करने वाले कमलनाथ ने इस बार अपने बेटे नकुलनाथ को इस सीट से चुनाव मैदान में उतारा है।

छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा।

छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर नकुलनाथ का मुकाबला भाजपा के विवेक साहू से होगा।

पिछले लोकसभा चुनावों में छिंदवाड़ा एकमात्र सीट थी, जिसपर कांग्रेस जीत दर्ज करने में कामयाब रही थी।

भाषा दिमो जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में