मप्र: पीएमयूवाई और ‘लाडली बहना’लाभार्थियों के लिए सिलेंडर भरवाने पर 450 रु अनुदान की घोषणा

मप्र: पीएमयूवाई और ‘लाडली बहना’लाभार्थियों के लिए सिलेंडर भरवाने पर 450 रु अनुदान की घोषणा

मप्र: पीएमयूवाई और ‘लाडली बहना’लाभार्थियों के लिए सिलेंडर भरवाने पर 450 रु अनुदान की घोषणा
Modified Date: July 30, 2024 / 10:06 pm IST
Published Date: July 30, 2024 10:06 pm IST

भोपाल, 30 जुलाई (भाषा) मध्य प्रदेश सरकार ने मंगलवार को पात्र ‘लाडली बहनों’ और केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) की लाभार्थी महिलाओं को प्रत्येक रसोई गैस सिलेंडर भरवाने पर 450 रुपये का अनुदान देने का फैसला किया।

इसके अलावा, ‘लाडली बहना योजना’ के सभी लाभार्थियों को आगामी रक्षाबंधन के मद्देनजर एक अगस्त को 250-250 रुपये मिलेंगे। भाजपा ने 2023 में हुए मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपने घोषणापत्र में इसका वादा किया था।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘राज्य मंत्रिमंडल ने पीएमयूवाई के ‘लाडली बहना’ लाभार्थियों को 450 रुपये प्रति सिलेंडर और (लाडली बहना) योजना की सभी लाभार्थियों को 250 रुपये देने का फैसला किया है।’

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एलपीजी सिलेंडर भरवाने के लिए शेष राशि का भुगतान (गैस कंपनियों को) करेगी।

यादव ने कहा कि इस उपाय से 40 लाख ‘लाडली बहना’ और पीएमयूवाई लाभार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘कोई भी कल्याणकारी योजना स्थगित नहीं की जाएगी। ऐसी सभी योजनाओं की समीक्षा करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि उन्हें समाज के सभी वर्गों के लिए अधिक जनोन्मुखी बनाया जा सके।’

माना जाता है कि शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली पिछली सरकार द्वारा शुरू की गई ‘लाडली बहना’ योजना ने भाजपा को चुनावी लाभ दिया और पार्टी ने 230 में से 163 सीट जीतीं।

एक अधिकारी ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने छिंदवाड़ा जिले के एक सहायक उपनिरीक्षक के परिवार को 90 लाख रुपये की शेष विशेष अनुग्रह राशि देने का भी फैसला किया है। इस सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) की तेज रफ्तार वाहन को रोकने की कोशिश करते समय ड्यूटी के दौरान जान चली गई थी।

राज्य सरकार की नवीनतम नीति के अनुसार, अनुग्रह राशि मृतक की पत्नी और माता-पिता के बीच समान रूप से विभाजित की जाएगी।

छिंदवाड़ा में सुरक्षा जांच के दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एएसआई नरेश शर्मा (40) को टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई। बाद में चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा दिमो नोमान

नोमान


लेखक के बारे में