मप्र में कांग्रेस के दो पूर्व विधायक भाजपा में शामिल हुए

मप्र में कांग्रेस के दो पूर्व विधायक भाजपा में शामिल हुए

मप्र में कांग्रेस के दो पूर्व विधायक भाजपा में शामिल हुए
Modified Date: March 11, 2024 / 02:53 pm IST
Published Date: March 11, 2024 2:53 pm IST

भोपाल, 11 मार्च (भाषा) कांग्रेस के दो पूर्व विधायक सोमवार को मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।

यह राजनीतिक घटनाक्रम पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी द्वारा कांग्रेस के साथ अपनी पांच दशक की निष्ठा को अलविदा कहने और भाजपा में शामिल होने के दो दिन बाद आया है।

पूर्व कांग्रेस विधायक अरुणोदय चौबे और शिवदयाल बागरी भोपाल में प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए।

चौबे 2008 में सागर जिले की खुरई सीट से विधायक चुने गए थे, जबकि बागरी ने 2018 में पन्ना जिले की गुन्नौर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था।

इस तरह की अटकलें थीं कि भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे और कांग्रेस नेता दीपक जोशी भी चौबे और बागरी के साथ सत्तारूढ़ दल में शामिल हो सकते हैं। लेकिन पूर्व विधायक जोशी सोमवार को भाजपा में शामिल नहीं हुए।

अटकलों के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ”लोग भारतीय जनता पार्टी में आते रहेंगे और परिवार बढ़ता रहेगा।’’

राज्य के पूर्व मंत्री दीपक जोशी 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे और देवास जिले की खातेगांव सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े लेकिन हार गए।

वरिष्ठ नेता पचौरी और पूर्व सांसद गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी ने पूर्व विधायक संजय शुक्ला, अर्जुन पालिया और विशाल पटेल के साथ शनिवार को भाजपा का दामन थाम लिया था।

भाषा दिमो

वैभव

वैभव


लेखक के बारे में