विंबलडन के महिला एकल में वापसी करेंगी 44 साल की सेरेना

विंबलडन के महिला एकल में वापसी करेंगी 44 साल की सेरेना

विंबलडन के महिला एकल में वापसी करेंगी 44 साल की सेरेना
Modified Date: June 22, 2026 / 09:09 am IST
Published Date: June 22, 2026 9:09 am IST

लंदन, 22 जून (एपी) सेरेना विलियम्स ने तीन सप्ताह पहले घोषणा की थी कि वह चार साल के बाद पेशेवर टेनिस में वापसी कर रही हैं, लेकिन अब स्पष्ट हो गया है कि यह दिग्गज खिलाड़ी 44 साल की उम्र में विंबलडन के महिला एकल में अपना जलवा दिखाएंगी।

पिछले तीन सप्ताह से कयास लगाए जा रहे थे कि 23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना विंबलडन के एकल में खेलेगी या नहीं लेकिन अब ऑल इंग्लैंड क्लब ने एक वाक्य के बयान में सब कुछ साफ कर दिया है।

ऑल इंग्लैंड क्लब ने ग्रास कोर्ट पर होने वाले इस ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के शुरू होने से आठ दिन पहले बयान जारी करके कहा, ‘‘सेरेना विलियम्स (अमेरिका) को महिला एकल वर्ग में अंतिम वाइल्ड कार्ड दिया गया है।’’

सेरेना इस तरह से विंबलडन में एकल और युगल दोनों में खेलेंगी। उन्होंने पहले ही अपनी बड़ी बहन वीनस के साथ युगल प्रतियोगिता के लिए वाइल्ड कार्ड स्वीकार कर लिया है।

विंबलडन ने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कहा, ‘‘यह कोई ‘ड्रिल’ नहीं है।’’

डब्ल्यूटीए टूर ने कहा, ‘‘इससे अधिक यादगार वापसी (करने वाले खिलाड़ी) का नाम बताइए। हम इंतजार करेंगे।’’

विंबलडन ने महिला एकल वर्ग में आठवें और अंतिम वाइल्ड कार्ड को तब तक बचाए रखा था जब तक कि सेरेना ने अपना फैसला नहीं कर लिया। इसी सप्ताह की शुरुआत में बर्लिन में युगल मैच हारने के बाद ऐसा लग रहा था कि वह इस फैसले को लेकर दुविधा में हैं।

सेरेना को बताया गया कि अब भी वाइल्ड कार्ड बचा है तो उन्होंने प्रतिक्रिया की, ‘‘हे भगवान क्या अब भी कुछ सीट बची हैं।’’

वाइल्ड कार्ड विशेष आमंत्रण होते हैं, जिन्हें आयोजक पूर्व चैंपियन खिलाड़ियों या ऐसे खिलाड़ियों को देता है जो योग्य हैं लेकिन किसी कारणवश मुख्य ड्रॉ में जगह नहीं बना पाते हैं।

सेरेना ने आखिरी क्षणों तक संशय बनाए रखा था, क्योंकि जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा था कि क्या वह एकल मुकाबले में वापसी करेंगी तो उन्होंने जवाब दिया था, ‘‘क्या आपको लगता है कि मैं एकल मुकाबले के लिए तैयार हूं।’’

सेरेना ने इसके बाद अपनी युगल जोड़ीदार कैरोलिना मुचोवा की ओर मुड़कर उनसे उनकी राय पूछी तो चेक गणराज्य की खिलाड़ी ने कहा था, ‘‘मुझे इसमें दिलचस्पी होगी।’’ सेरेना ने तब कहा कि उन्हें कुछ भी पता नहीं है।

सेरेना ने अपना अंतिम एकल मैच 2022 में अमेरिकी ओपन के तीसरे दौर में खेला था जब वह अजला टोमलजानोविच से हार गई थी। इसके बाद वह टेनिस से अलग हो गई थी। इस बीच उनकी दूसरी बेटी का जन्म 2023 में हुआ था।

वाइल्ड कार्ड की घोषणा के बाद सेरेना ने एक्स पर कहा, ‘‘अभी-अभी डक डक गूज का एक शानदार गेम खत्म किया है।’’

सेरेना ने एकल में 23 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं। इनमें से सात विंबलडन खिताब शामिल हैं। उन्होंने 2002, 2003, 2009, 2010, 2012, 2015 और 2016 में विंबलडन खिताब जीता। उन्होंने युगल में भी वीनस के साथ 14 ग्रैंड स्लैम जीते हैं। इनमें से छह विंबलडन में जीते हैं।

सेरेना ने 2012 के लंदन ओलंपिक में एकल और युगल (वीनस के साथ) दोनों खिताब जीते थे, जब टेनिस प्रतियोगिता ऑल इंग्लैंड क्लब में खेली गई थी।

सेरेना ने इससे पहले विंबलडन में अपना आखिरी मैच 2022 में खेला था। तब वह पहले दौर में 115वीं रैंकिंग की खिलाड़ी हार्मनी टैन से हार गई थी।

एपी

पंत

पंत


लेखक के बारे में