भारत के राष्ट्रमंडल दल को शानदार विदाई, आधिकारिक किट का अनावरण

भारत के राष्ट्रमंडल दल को शानदार विदाई, आधिकारिक किट का अनावरण

भारत के राष्ट्रमंडल दल को शानदार विदाई, आधिकारिक किट का अनावरण
Modified Date: July 7, 2026 / 09:00 pm IST
Published Date: July 7, 2026 9:00 pm IST

नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने मंगलवार को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए देश के दल को शानदार विदाई दी और साथ ही समारोह और प्रतियोगिता के लिए उस आधिकारिक किट का अनावरण किया जिसे खिलाड़ी ग्लास्गो में पहनेंगे।

इस समारोह में खिलाड़ी, कोच, सहयोगी स्टाफ, गणमान्य व्यक्ति और साझेदार शामिल हुए। भारत राष्ट्रमंडल खेलों में एक और सफल अभियान की उम्मीद के साथ स्कॉटलैंड की यात्रा पर निकल रहा है।

इस कार्यक्रम में खेल मंत्री मनसुख मांडविया, आईओए अध्यक्ष पीटी उषा, भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरन और कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह शामिल हुए।

मांडविया ने कहा, ‘‘हमारे खिलाड़ी नए भारत की खेल उत्कृष्टता, दृढ़ संकल्प और आकांक्षाओं के दूत हैं। जब भारतीय टीम ग्लास्गो में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अपनी यात्रा शुरू कर रही है तो मैं हर खिलाड़ी से आग्रह करता हूं कि वे निडर होकर प्रतिस्पर्धा करें, खेल भावना का सम्मान करें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।’’

खेल सचिव हरि रंजन राव, मिशन प्रमुख रोहित राजपाल और उप मिशन प्रमुख रवि बेंगानी भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

उषा ने कहा, ‘‘आज भारतीय खेलों के लिए एक और गौरवशाली अध्याय की शुरुआत हो रही है। भारत की जर्सी पहनने वाले हर खिलाड़ी ने वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और त्याग के माध्यम से यह अवसर हासिल किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब वे ग्लास्गो के लिए रवाना हो रहे हैं तो वे अपने साथ एक अरब भारतीयों की उम्मीदें और हमारी खेल संस्कृति को परिभाषित करने वाले मूल्यों को लेकर जा रहे हैं। भारतीय ओलंपिक संघ की ओर से मैं टीम इंडिया के हर सदस्य को शुभकामनाएं देती हूं।’’

विदाई समारोह में किट का आधिकारिक अनावरण और खिलाड़ियों द्वारा रैंप वॉक शामिल था जिसमें समारोह और प्रतियोगिता दोनों तरह की पोशाकें प्रदर्शित की गईं।

इस किट को प्रसिद्ध डिजाइनर आकिब वानी और जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स ने तैयार किया है और यह ‘इनविजिबल ट्रैजेक्टरीज’ की अवधारणा से प्रेरित है।

भाषा सुधीर मोना

मोना


लेखक के बारे में