हैदराबाद, 22 मई (भाषा) सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अभिषेक शर्मा (56 रन) की आक्रामक बल्लेबाजी, ईशान किशन (79 रन) के बेखौफ अंदाज और हेनरिक क्लासेन (51 रन) की ताकतवर हिटिंग की बदौलत शुकवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में चार विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।
सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने घरेलू मैदान पर हर हाल में आक्रामक बल्लेबाजी करने की अपनी रणनीति को बरकरार रखा। अभिषेक (22 गेंद) ने जहां एक बार फिर 20 गेंद में अर्धशतक जड़ा तो वहीं उप-कप्तान किशन ने सटीक टाइमिंग और चतुर बल्लेबाजी से गैप ढूंढकर महज 44 गेंद में तूफानी पारी खेली।
तीसरे नंबर से नीचे बल्लेबाजी करने वाले सभी टीमों के बल्लेबाजों में सबसे निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी क्लासेन (24 गेंद) ने जोश हेजलवुड जैसे विश्व-स्तरीय गेंदबाज की गेंदों को मनमुताबिक खेला। उन्होंने हेजलवुड के तीसरे ओवर (पारी का 13वां ओवर था) में 27 रन बटोरे जिससे टीम ने सुनिश्चित कर लिया कि बल्लेबाजी के लिए एकदम सपाट पिच पर वे 250 रनों के आंकड़ा पार कर लेंगे।
किशन और क्लासेन ने तीसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 113 रन की साझेदारी निभाई।
पर इसकी शुरुआत अभिषेक ने की, उन्होंने भुवनेश्वर कुमार को उनके पहले स्पेल में पूरी तरह बेअसर कर दिया। उन्होंने भुवनेश्वर की एक गेंद को बड़ी खूबसूरती से लांग ऑफ के काफी बाहर से ऊपर उठाकर अपना पहला छक्का जड़ा।
भुवनेश्वर को उन्होंने कोई मौका नहीं दिया और लगातार दो गेंदों पर उन्हें स्क्वायर-लेग के ऊपर से और दूसरी बार डीप मिड-विकेट के ऊपर से फ्लिक किया।
रोमारियो शेफर्ड की गेंदों से दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज को कोई परेशानी होने की उम्मीद नहीं थी, और ऐसा हुआ भी नहीं। उन्होंने शेफर्ड की गेंदों पर सीधे दो छक्के जड़े, जबकि सुयश शर्मा की गेंद को भी उन्होंने बिना ज्यादा फुटवर्क के ही हवा में ऊपर तक पहुंचा दिया।
एक तरफ जहां किशन ने एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी की और वैसी ही निरंतरता दिखाई जिसकी उम्मीद उनके जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी से की जाती है, वहीं क्लासेन की तारीफ के लिए शब्द कम पड़ जाएंगे। क्लासेन अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलते हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी क्रिकेट की दुनिया में वह सबसे ज्यादा भरोसेमंद खिलाड़ी बन गए हैं।
आरसीबी के गेंदबाजों ने किशन के पैड्स पर गेंदें डालकर गलती की जिससे उन्हें मनमुताबिक हाथ खोलने का मौका मिल गया। वहीं क्लासेन को न तो सीधी गेंदों से कोई परेशानी हुई और न ही उनके लिए फेंकी गई वाइड गेंदों से।
उन्होंने जिस तरह हेजलवुड की गेंदों को धुना, वह रजत पाटीदार की रणनीति को ध्वस्त करने के लिए काफी था। नीतिश रेड्डी ने 12 गेंद में नाबाद 29 रन बनाकर पारी को शानदार अंदाज में खत्म किया।
सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने कुल 20 चौके और 16 छक्के जड़े।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द