एसीए ने मैदानकर्मियों के लिए 25 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की

एसीए ने मैदानकर्मियों के लिए 25 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की

एसीए ने मैदानकर्मियों के लिए 25 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की
Modified Date: April 13, 2026 / 05:54 pm IST
Published Date: April 13, 2026 5:54 pm IST

गुवाहाटी, 13 अप्रैल (भाषा) असम क्रिकेट संघ (एसीए) ने चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद मौजूदा सत्र में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों की सफल मेजबानी करने वाले बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम के मैदानकर्मियों के लिए 25 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

क्यूरेटर और मैदानकर्मियों ने यह सुनिश्चित किया कि पिच को उच्चतम मानकों के अनुरूप तैयार रखा जाए।

एसीए के सचिव सनातन दास ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मैचों के सुचारू संचालन में उनके प्रयास महत्वपूर्ण थे। इसने राष्ट्रीय स्तर पर इस मैदान की बढ़ती प्रतिष्ठा को बनाए रखने में मदद की।’’

उन्होंने कहा, ‘‘संघ ने उनके योगदान को मान्यता देते हुए क्यूरेटर और मैदानकर्मियों के लिए 25 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।”

एसीए अध्यक्ष तरंगा गोगोई और सचिव दास ने टीम के पेशेवर रवैये और प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी मेहनत के कारण ही मैचों का सुचारू संचालन सुनिश्चित हुआ।

गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में भारी बारिश और आंधी-तूफान ने आईपीएल 2026 के मैचों को बुरी तरह प्रभावित किया, जिसके चलते 7 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस का मैच दोनों टीमों के लिए 11-11 ओवरों का कर दिया गया।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स के बीच 10 अप्रैल को खेला गया मैच भी बारिश के कारण बाधित हुआ, जिसके चलते मैदान कर्मचारियों को पिच को ढकना पड़ा।

इन समस्याओं के बावजूद, एसीए स्टेडियम के मैदानकर्मियों ने मैच सफलतापूर्वक संपन्न कराए।

भाषा

आनन्द मोना

मोना


लेखक के बारे में