एएफआई 20 जून को नयी दिल्ली में भारतीय एथलेटिक्स पुरस्कारों की मेजबानी करेगा
एएफआई 20 जून को नयी दिल्ली में भारतीय एथलेटिक्स पुरस्कारों की मेजबानी करेगा
नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) 20 जून को यहां भारतीय एथलेटिक्स पुरस्कारों के पहले सत्र की मेजबानी करेगा। इस पहल का मकसद भारतीय एथलेटिक्स में बेहतरीन प्रदर्शन को पहचान देना है।
मौजूदा और पूर्व खिलाड़ियों, कोच, तकनीकी अधिकारियों, मेंटर (मार्गदर्शक), राज्य संघों, प्रायोजकों और उन सभी लोगों को सम्मानित करने के उद्देश्य से इन पुरस्कारों की अवधारणा तैयार की गई है जिन्होंने वैश्विक स्तर पर भारत की सफलता में अहम भूमिका निभाई है।
उम्मीद है कि भारत के अधिकतर बड़े मौजूदा और पूर्व एथलीट इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इससे यह भारतीय एथलेटिक्स जगत के लिए एक अहम आयोजन बन जाएगा।
इस समारोह में 10 वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मान दिया जाएगा जिनमें जीवनपर्यन्त उपलब्धियों (लाइफटाइम अचीवमेंट) के लिए पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ एथलीट (पुरुष और महिला), सर्वश्रेष्ठ कोच, सर्वश्रेष्ठ तकनीकी अधिकारी, सर्वश्रेष्ठ राज्य संघ और एथलेटिक्स का समर्थन करने वाला सर्वश्रेष्ठ राज्य शामिल हैं।
ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने इस पहल के बारे में कहा, ‘‘युवा भारतीय एथलीट का हौसला और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए भारतीय एथलेटिक्स पुरस्कारों जैसी पहल बहुत जरूरी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एथलीट, कोच और सहयोगी स्टाफ की कड़ी मेहनत को पहचानना और उसका जश्न मनाना पूरे खेल पारिस्थितिकी तंत्र को प्रेरित करता है और अगली पीढ़ी को बड़े सपने देखने और देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।’’
भाषा सुधीर मोना
मोना

Facebook


