राष्ट्रमंडल क्यू खेलों की चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा अहमदाबाद
राष्ट्रमंडल क्यू खेलों की चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा अहमदाबाद
बेंगलुरु, 25 अगस्त (भाषा) भारत अहमदाबाद के सावरकर खेल परिसर में सात से 10 अक्टूबर तक राष्ट्रमंडल क्यू खेलों (बिलियर्ड्स, स्नूकर, हेयबॉल, ब्लैकबॉल) की चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा।
भारतीय बिलियर्ड्स और स्नूकर महासंघ (बीएसएफआई) ने मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता में करीब 46 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पुरुष और महिला वर्ग में बिलियर्ड्स, स्नूकर, हेयबॉल, 10-बॉल पूल और ब्लैकबॉल की स्पर्धाएं होंगी।
चार स्पर्धाओं में प्रत्येक वर्ग में 16 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जबकि इस साल कार्यक्रम में शामिल किए गए बिलियर्ड्स में दोनों वर्गों में आठ-आठ खिलाड़ियों का ड्रॉ होगा।
चैंपियनशिप का आयोजन विश्व बिलियर्ड्स खेल महासंघ (डब्ल्यूसीबीएस) और बीएसएफआई के तत्वावधान में एपेक्स स्पोर्ट्स द्वारा किया जाएगा।
विश्व पूल संघ (डब्ल्यूपीए) के अध्यक्ष ईशान सिंह ने कहा, “अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर तेजी से महत्वपूर्ण शहर बन रहा है। यहां राष्ट्रमंडल क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप की मेजबानी भारत और इस खेल के लिए बड़ा अवसर है।”
उन्होंने कहा, ‘‘2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की तैयारी कर रहा अहमदाबाद इस प्रतियोगिता के जरिये स्थानीय खेल समुदाय और दर्शकों से मजबूत जुड़ाव कायम कर सकता है। भारत का क्यू स्पोर्ट्स में शानदार इतिहास रहा है।’’
बीएसएफआई ने मंगलवार को अहमदाबाद चैंपियनशिप के लिए 13 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की। टीम में छह पुरुष और सात महिला खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों का चयन सप्ताहांत में हुए ट्रायल के बाद किया गया।
भारतीय खिलाड़ियों ने इसके शुरुआती सत्र में पांच पदक जीते थे, जिनमें एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल थे।
भारतीय टीम :
पुरुष:
बिलियर्ड्स: सिद्धार्थ पारिख;
स्नूकर: रेयान रजमी;
हेयबॉल—शिवम अरोड़ा , लक्ष्मण रावत
10-बॉल पूल: दिव्या शर्मा
ब्लैकबॉल: सुंदिप गुलाटी।
महिला:
बिलियर्ड्स: अनुपमा रामचंद्रन
स्नूकर: कीर्तना पांडियन;
हेयबॉल: विद्या पिल्लई , अमी कामानी
10-बॉल पूल—चित्रा मागिमैराज , नीना प्रवीण
ब्लैकबॉल—नताशा चेतन।
कोच: अशोक शांडिल्य।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


