टीम बड़ी सफलता हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है: एशिया कप और एशियाई खेलों से पहले हरमनप्रीत
टीम बड़ी सफलता हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है: एशिया कप और एशियाई खेलों से पहले हरमनप्रीत
नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) पिछले कुछ समय से शानदार जीत दर्ज कर रही भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का मानना है कि यूएई में होने वाले एशिया कप और जापान में होने वाले एशियाई खेलों से पहले टीम में जीत का भरोसा मजबूत हो रहा है।
पिछले महीने लॉर्ड्स में इंग्लैंड को हराकर वहां पहली बार महिला टेस्ट जीतने के बाद भारतीय टीम का अगला लक्ष्य एशिया कप टी20 है। भारत इस टूर्नामेंट का रिकॉर्ड सात बार चैंपियन रह चुका है। इसके बाद टीम जापान में होने वाले एशियाई खेलों में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी।
हाल ही में ऐतिहासिक लॉर्ड्स टेस्ट में भारत को जीत दिलाने वाली कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सोनी स्पोर्ट्स से कहा, “बेशक हमारी उम्मीद जीत की ही है। हमारी टीम बहुत अच्छा क्रिकेट खेल रही है।”
उन्होंने कहा, “पिछले चार-पांच साल हमारे लिए अच्छे रहे हैं। हमने लगातार अच्छा और दबदबे वाला क्रिकेट खेला है। बड़ी टीमों को हराया है और श्रृंखलाएं भी जीती हैं।”
हरमनप्रीत की अगुआई में भारतीय टीम ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड को 270 रन से हराकर महिला टेस्ट क्रिकेट में रनों के अंतर से चौथी सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी।
हरमनप्रीत ने कहा, “हम लॉर्ड्स की जीत के बाद यहां आए हैं और लगातार कई मुकाबले जीते हैं। टीम सफलता का स्वाद चख चुकी है और अब और जीत हासिल करने के लिए उत्सुक है।”
शुक्रवार से शुरू होने वाले एशिया कप में आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत ग्रुप-ए में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ है।
पिछले सत्र के फाइनल में श्रीलंका से हारने वाली भारतीय टीम इस बार खिताब वापस हासिल करने के इरादे से उतरेगी। लॉर्ड्स में मिली ऐतिहासिक जीत से टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ा हुआ है।
हरमनप्रीत ने कहा, “सबसे अच्छी बात यह है कि टीम का हर खिलाड़ी मैच और टूर्नामेंट जीतने के बारे में बात करता है। जब टीम में ऐसी सोच और संस्कृति होती है तो सभी को प्रेरणा मिलती है और हर टूर्नामेंट में खेलने का उत्साह बढ़ जाता है।”
उन्होंने कहा, “एशिया कप काफी अहम टूर्नामेंट है और मुझे भरोसा है कि हम एक टीम के तौर पर अच्छा खेलेंगे और देश को गौरवान्वित करेंगे।”
मजबूत टीम के तौर पर पहचान बनने के बाद उससे जुड़ी उम्मीदों पर खरा उतरना भी बड़ी चुनौती है। हरमनप्रीत ने कहा कि भारतीय टीम एशियाई क्रिकेट में दबदबा रखती है और ऐसे में हर मैच में उसी अंदाज को बनाए रखना बेहद जरूरी है।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बने भारी दबाव पर हरमनप्रीत ने कहा कि खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार दबाव का सामना करते हैं, लेकिन इस मुकाबले का दबाव बिल्कुल अलग स्तर का होता है।
उन्होंने कहा, “यह निश्चित रूप से बेहद दबाव वाला मुकाबला होता है। खिलाड़ी के तौर पर आपको कई चीजों से निपटना पड़ता है। हम लगातार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हैं, लेकिन भारत-पाकिस्तान मैच जैसा दबाव कहीं और महसूस नहीं होता।”
उन्होंने कहा, “हम जानते हैं कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला देश का हर व्यक्ति देखता है। सिर्फ क्रिकेट प्रशंसक ही नहीं, बल्कि हर भारतीय की नजर इस मैच पर होती है, क्योंकि यह मुकाबला हम सभी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।”
कप्तान ने कहा, “कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर मैं चीजों को सरल रखने की कोशिश करती हूं। हमारा ध्यान सिर्फ क्रिकेट, अपने लक्ष्य और अपनी दिनचर्या पर रहता है।”
हरमनप्रीत ने कहा कि देश के लिए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना किसी भी क्रिकेटर के लिए बेहद खास सम्मान है। उन्होंने बताया कि एशियाई खेलों का अनुभव आईसीसी टूर्नामेंटों से अलग है, क्योंकि यहां हर खिलाड़ी को व्यक्तिगत पदक मिलता है।
भारत ने हांगझोउ एशियाई खेलों में पहली बार हिस्सा लिया था और स्वर्ण पदक जीता था। अब टीम एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
हरमनप्रीत ने कहा, “एक क्रिकेटर के तौर पर यह हमारे लिए बहुत बड़ा मौका है। इससे पहले हम ज्यादातर आईसीसी टूर्नामेंट खेलते रहे हैं, जहां टीम किसी खिताब के लिए मुकाबला करती है। लेकिन यहां आपको अपना व्यक्तिगत पदक मिलता है और पदक जीतने की बात हो तो प्रेरणा और बढ़ जाती है। हम दिन-रात यही सोचते हैं कि पदक जीतने के बाद कैसा महसूस होगा और हम किस तरह जश्न मनाएंगे।”
भाषा आनन्द पंत
पंत

Facebook


