नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) अहमदाबाद लगातार दूसरे सत्र में 31 मई को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के फाइनल की मेजबानी करेगा, जबकि क्वालीफायर एक धर्मशाला जबकि दो अन्य प्लेऑफ मैच न्यू चंडीगढ़ में खेले जाएंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को यह घोषणा की।
पिछले साल के अलावा अहमदाबाद ने इससे पहले 2022 और 2023 में आईपीएल फाइनल की मेजबानी की थी।
बीसीसीआई ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘क्वालीफायर एक 26 मई को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें भाग लेंगी। इस मैच के विजेता को फाइनल में सीधा प्रवेश मिलेगा।।’’
इसमें कहा गया है, ‘‘‘इसके बाद मुकाबले न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होंगे, जहां तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच 27 मई को एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। इसी स्टेडियम में 29 मई को क्वालीफायर दो भी खेला जाएगा।’’
एलिमिनेटर में जीत दर्ज करने वाली टीम क्वालीफायर दो में क्वालीफायर एक में हारने वाली टीम का सामना करेगी। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में पहुंचेगी।
बीसीसीआई ने कहा, ‘‘आईपीएल के मौजूदा सत्र का समापन 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ग्रैंड फाइनल के साथ होगा, जो दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है।’’
भाषा
पंत
पंत