होसुर (तमिलनाडु), नौ जुलाई (भाषा) अमनदीप द्राल ने बृहस्पतिवार को यहां हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर (डब्ल्यूपीजीटी) के नौंवे चरण में लगातार दूसरी बार 4-अंडर 68 का कार्ड खेलकर अपनी मित्र वाणी कपूर पर दो शॉट की बढ़त हासिल कर ली।
वाणी ने भी दूसरे दौर में 68 का स्कोर किया।
अमनदीप ने बिना किसी बोगी के दूसरा दौर खेला और कोर्स के दोनों हिस्सों में दो-दो बर्डी लगाईं।
पहले दौर में बढ़त बनाने वाली अलीशा दत्त (67-78) दूसरे दौर के बाद संयुक्त 17वें स्थान पर खिसक गईं। वहीं वाणी 70-68 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गईं।
वाणी ने भी अमनदीप की तरह ही कोई बोगी नहीं की। वह इती चौधरी (69-69) के साथ 6-अंडर 138 के स्कोर पर संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
चार खिलाड़ी संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं जिनमें नयनिका सांगा (73-66) के अलावा जैस्मीन शेखर (72-67), अन्वी दहिया (70-69) और दुर्गा निटूर (69-70) शामिल है।
जाह्नवी प्रख्या (70-70) 4-अंडर 140 के स्कोर के साथ अकेले आठवें स्थान पर हैं जबकि अनुभवी नेहा त्रिपाठी (71-70) ने युवा खिलाड़ियों काशिका मिश्रा (72-69) और लावण्या जादौन (71-70) के साथ 3-अंडर 141 के स्कोर पर संयुक्त रूप से नौवां स्थान हासिल किया।
‘हीरो वुमैन्स इंडियन ओपन’ की पूर्व उप विजेता अमनदीप ने दूसरे, पांचवें, 10वें और 15वें होल पर बर्डी लगाईं।
कट 7-ओवर 151 पर था जिससे 35 खिलाड़ियों ने तीसरे और अंतिम दौर के लिए क्वालीफाई किया।
भाषा नमिता
नमिता