अनाहत 2005 के बाद विश्व जूनियर फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय बनीं

Ads

अनाहत 2005 के बाद विश्व जूनियर फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय बनीं

  •  
  • Publish Date - July 25, 2026 / 10:46 AM IST,
    Updated On - July 25, 2026 / 10:46 AM IST

ओंटारियो, 25 जुलाई (भाषा) अनाहत सिंह पिछले 21 वर्ष में विश्व जूनियर स्क्वाश चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।

अनाहत से पहले भारतीय स्क्वाश की दिग्गज जोशना चिनप्पा ने 2005 में यह उपलब्धि हासिल की थी।

दिल्ली की रहने वाली इस शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने शुक्रवार को सेमीफाइनल में मिस्र की तीसरी-चौथी वरीयता प्राप्त बार्ब समेह को 11-3, 8-11, 11-4, 11-6 से हराया।

पिछले साल सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद कांस्य पदक जीतने वाली और विश्व रैंकिंग में 20वें स्थान पर काबिज अनाहत भारत की पहली जूनियर विश्व स्क्वाश चैंपियन बनने से अब सिर्फ एक कदम दूर हैं।

अनाहत ने कहा, ‘‘मैं बहुत खुश हूं। मैं कुछ महीने पहले ब्रिटिश जूनियर ओपन में बार्ब के खिलाफ खेली थी और वह बेहद करीबी मैच था, इसलिए मुझे पता था कि मुझे वास्तव में अच्छा खेलना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कल अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया था और मुझे पता था कि मुझे आज यह दिखाना होगा कि मैं क्या कर सकती हूं।’’

अनाहत ने कहा, ‘‘मैंने चार विश्व जूनियर टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है लेकिन क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में हार गई थी, इसलिए फाइनल में पहुंचने से मेरे माता-पिता और कोच बहुत खुश हैं, लेकिन टूर्नामेंट अभी खत्म नहीं हुआ है।’’

फाइनल में अनाहत का मुकाबला मिस्र की दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी रुकय्या सलेम से होगा।

भाषा

पंत

पंत