आर्काशोन (फ्रांस), 25 जुलाई (एपी) फ्रांस के दक्षिण-पश्चिमी और स्पेन के मध्यवर्ती क्षेत्रों में भड़की भीषण वनाग्नि के कारण लगभग दो लाख लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। मैड्रिड और बोर्दो जैसे प्रमुख शहरों के आसपास के इलाकों में आग का सबसे अधिक असर देखा जा रहा है।
दोनों यूरोपीय देशों में फैली इस भीषण वनाग्नि पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों और प्रशासन को शुक्रवार को काफी चुनौती का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी और जलवायु परिवर्तन के दीर्घकालिक प्रभावों के कारण आग लगातार विकराल होती जा रही है।
स्पेन के दमकलकर्मियों ने स्वीकार किया कि आग की लपटें इतनी भीषण हैं कि सामान्य परिस्थितियों में उन पर काबू पाना लगभग असंभव है।
फ्रांस के अटलांटिक तटवर्ती पर्यटन क्षेत्रों तक आग पहुंचने पर कई लोगों को नावों के सहारे सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।
फ्रांस के गृह मंत्रालय के अनुसार, देश के गिरोंड और लांद क्षेत्रों में लगभग 1.41 लाख लोगों को अपने घर खाली करने पड़े हैं। वहीं, स्पेन के गृह मंत्रालय ने बताया कि मध्य स्पेन में करीब 60,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, फ्रांस में आग बुझाने के दौरान कई दमकलकर्मी घायल हो गए। जंगलों से उठते धुएं के गुबार के बीच लोग अपनी जान बचाने के लिए कारों से सुरक्षित स्थानों की ओर निकल पड़े और इस बीच पुलिसकर्मी घर-घर जाकर लोगों से तत्काल इलाका खाली करने की अपील करते रहे।
फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस के विशाल हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी यह भीषण आग अब बोर्दो शहर की ओर बढ़ रही है।
उन्होंने फ्रांस के समाचार चैनल ‘टीएफ1’ से कहा कि आग के कारण कैप फेरे प्रायद्वीप को खाली कराना पड़ा है। अब तक यह आग लगभग 140 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैल चुकी है।
इस बीच, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू को आपदा से निपटने के लिए सरकार की आपातकालीन व्यवस्था तत्काल लागू करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने सशस्त्र बलों को राहत एवं बचाव कार्यों में नागरिक एजेंसियों की हरसंभव सहायता के लिए तैनात करने के आदेश दिए।
स्पेन के गृह मंत्री फर्नांडो ग्रांदे-मार्लास्का ने बताया कि इटली और यूनान ने आग बुझाने में सहायता के लिए पानी की बौछार करने वाले दो-दो विशेष विमान भेजे हैं। वहीं, करीब एक हजार सैनिक राहत एवं अग्निशमन अभियान में जुटे हुए हैं।
स्पेन में सरकार ने पहली बार वनाग्नि के कारण राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया है। मैड्रिड और उससे सटे अविला प्रांत में लगी भीषण आग के कारण राजधानी के पश्चिम में स्थित कई कस्बों से लगभग 60,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है।
एपी
खारी सिम्मी
सिम्मी