राष्ट्रमंडल खेल : पैरा तैराकी में कार्तिक बुडिगिना पदक से चूके, चौथे स्थान पर रहे

Ads

राष्ट्रमंडल खेल : पैरा तैराकी में कार्तिक बुडिगिना पदक से चूके, चौथे स्थान पर रहे

  •  
  • Publish Date - July 25, 2026 / 12:43 AM IST,
    Updated On - July 25, 2026 / 12:43 AM IST

ग्लास्गो, 24 जुलाई (भाषा)। भारत के कार्तिक बुडिगिना राष्ट्रमंडल खेलों की पैरा तैराकी प्रतियोगिता में पदक जीतने से मामूली अंतर से चूक गए।

वह शुक्रवार को पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 वर्ग के फाइनल में चौथे स्थान पर रहे। बुडिगिना ने फाइनल में 57.57 सेकंड का समय निकाला।

इस स्पर्धा में भारत के दूसरे तैराक इमाम अली ने 1:03.73 मिनट का समय लेकर सातवां स्थान हासिल किया।

दक्षिण अफ्रीका के नाथन हेंड्रिक्स ने 54.54 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। स्कॉटलैंड के स्टीफन क्लेग ने 55.16 सेकंड के साथ रजत, जबकि इंग्लैंड के मैथ्यू रेडफर्न ने 56.86 सेकंड के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

एस13 वर्ग दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए निर्धारित पैरा तैराकी श्रेणी है।

इससे पहले हीट में हिस्सा लेने वाले सभी आठ तैराकों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। बुडिगिना ने 57.10 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया था, जबकि इमाम अली 1:05.32 मिनट के समय के साथ आठवें स्थान पर रहे थे।

बुडिगिना ने अपने खेल करियर की शुरुआत रोइंग से की थी, लेकिन कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने पैरा तैराकी को अपना खेल बनाया।

इससे पहले दो बार के ओलंपियन श्रीहरि नटराज ने पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके नटराज ने हीट में 25.52 सेकंड का समय निकाला। उन्होंने बरमूडा के जैक हार्वे के साथ संयुक्त 14वां स्थान हासिल किया और शीर्ष-16 तैराकों में शामिल होकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। अपनी आठ तैराकों वाली हीट में नटराज पांचवें स्थान पर रहे।

भाषा

आनन्द

आनन्द

आनन्द