टीम मालिक के तौर पर चाहता हूं कि अश्विन को क्रिकेट संबंधी फैसले लेने की पूरी आजादी हो: द्रविड़

टीम मालिक के तौर पर चाहता हूं कि अश्विन को क्रिकेट संबंधी फैसले लेने की पूरी आजादी हो: द्रविड़

टीम मालिक के तौर पर चाहता हूं कि अश्विन को क्रिकेट संबंधी फैसले लेने की पूरी आजादी हो: द्रविड़
Modified Date: May 12, 2026 / 01:07 pm IST
Published Date: May 12, 2026 1:07 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट में कोच के तौर पर अलग-अलग तरह के मालिकों के साथ काम करने का अनुभव रहा है, जिनमें से कुछ मालिक बेहद जुनूनी रहे, जबकि कुछ दूर रहकर केवल निगरानी करने पर ध्यान देते हैं।

द्रविड़ अब डबलिन गार्डियंस के मालिक की नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग की इस टीम के मालिक के तौर पर वह क्रिकेट संचालन में दखल नहीं देंगे और कप्तान रविचंद्रन अश्विन को फैसले लेने की पूरी छूट देंगे।

जब उनसे पूछा गया कि वह किस तरह के मालिक बनना चाहेंगे, तो द्रविड़ हंस पड़े।

उन्होंने ‘पीटीआई’ को दिए साक्षात्कार में कहा, “यह तो समय आने पर ही पता चलेगा। यह मेरे लिए पहला अनुभव होगा, इसलिए मैं खुद भी देखना चाहता हूं कि मैं इस भूमिका में कैसा रहूंगा।”

करीब 30 वर्षों तक शीर्ष स्तर के क्रिकेट से जुड़े रहने के बावजूद द्रविड़ मानते हैं कि नई जिम्मेदारी में उन्हें टीम से कुछ दूरी बनाकर रखनी होगी।

उन्होंने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मेरी योजना क्रिकेट से जुड़े रोजमर्रा के मामलों से थोड़ी दूरी बनाकर रहने की है। मेरा मकसद ऐसी मजबूत टीम तैयार करना होगा, जो अपने स्तर पर काम कर सके। आप मुझे डगआउट में लगातार नहीं देखेंगे। मैं हर अभ्यास सत्र या हर मैच में मौजूद रहने वाला व्यक्ति भी नहीं हूं।”

द्रविड़ ने साफ किया कि वह टीम मालिक के तौर पर सीमित लेकिन सहयोगी भूमिका निभाना चाहते हैं।

डबलिन गार्डियंस के कप्तान के रूप में अश्विन से करार करने के बाद द्रविड़ का मानना है कि इस दिग्गज ऑफ-स्पिनर को खुलकर काम करने का मौका दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “हम खुशकिस्मत हैं कि हमारे साथ अश्विन जैसे कप्तान और मार्गदर्शक जुड़े हैं। हम उनके आसपास ऐसी टीम बनाएंगे, जिससे वह अपनी सोच के मुताबिक टीम का नेतृत्व कर सकें।”

भारत के इस पूर्व मुख्य कोच ने कहा, “मेरा काम मैदान के अंदर और बाहर, दोनों स्तरों पर मजबूत ढांचा तैयार करना होगा। फ्रेंचाइज़ी संचालन में काफी काम करना पड़ता है और फिलहाल मेरी प्राथमिकता वही रहेगी। क्रिकेट से जुड़े फैसले अश्विन और सहयोगी स्टाफ संभालेंगे।”

फ्रेंचाइज़ी मालिक उनके लिए नया क्षेत्र है और द्रविड़ मानते हैं कि उन्हें अभी काफी कुछ सीखना है।

उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए नया अनुभव है और इसे लेकर मैं उत्साहित हूं। लेकिन मुझे पता है कि मुझे बहुत कुछ सीखना और आगे बढ़ना है। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे कुछ नया करने और एक अलग क्षेत्र में सीखने का मौका मिला है।”

दुनिया भर में तेजी से बढ़ रही टी20 लीगों के बीच द्रविड़ को भरोसा है कि यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग अपनी अलग पहचान बना सकती है।

उन्होंने कहा, “आयरलैंड, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और यूरोप के इस हिस्से में क्रिकेट का समृद्ध इतिहास, संस्कृति और परंपरा रही है। यहां स्थानीय लोग लंबे समय से क्रिकेट खेलते आ रहे हैं। आयरलैंड में कई क्लब हैं और बड़ी संख्या में भारतीय पेशेवर खिलाड़ी भी यहां खेल चुके हैं।”

उन्होंने कहा, “ऐसे में हमारे पास पहले से ही एक निश्चित दर्शक वर्ग और इस खेल को पसंद करने वाले लोग हैं। पहले से ही प्रतिभाओं का एक निश्चित समूह मौजूद है, जिस पर हम आगे काम करने की उम्मीद कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा, “यह सिर्फ आयरलैंड तक सीमित नहीं है। स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और बाकी यूरोप को साथ जोड़ने से हमारे पास काम करने के लिए बड़ा दायरा उपलब्ध होगा।”

उन्होंने कहा, “लीग और मालिकाना स्तर पर जिस तरह के लोग इससे जुड़े हैं, उनके साथ मिलकर दुनिया के इस हिस्से में कुछ नया और रोमांचक तैयार करना काफी दिलचस्प होगा।”

भाषा

आनन्द पंत

पंत


लेखक के बारे में