नागोया, 17 सितंबर (भाषा) बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम मैदान पर उतरे बिना ही एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में पहुंच गई जबकि पाकिस्तान को थाईलैंड जैसी कमजोर टीम के खिलाफ जीत दर्ज करने में काफी पसीना बहाना पड़ा ।
बांग्लादेश अपनी ऊंची अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के कारण अंतिम चार में पहुंचा जब चीन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबला बृहस्पतिवार को गीली आउटफील्ड के कारण रद्द हो गया ।
आइची प्रांत के खूबसूरत निशिन शहर में कारोगी स्पोटर्स पार्क में होने वाले इस टी20 मुकाबले में टॉस भी नहीं हो सका ।
बांग्लादेश आईसीसी टी20 रैंकिंग में 10वें और चीन 36वें स्थान पर है ।
वहीं पाकिस्तान ने 92 रन के लक्ष्य के जवाब में तीन विकेट से जीत दर्ज की । बारिश के कारण मैच कम ओवरों का कर दिया गया था ।
बांग्लादेश का सामना भारत और जापान के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा । यह मुकाबला शुक्रवार को होगा जबकि सेमीफाइनल 20 सितंबर को होना है।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम आठ टीमों की स्पर्धा में पिछली चैम्पियन है ।
पाकिस्तान की टीम शुक्रवार को श्रीलंका और मलेशिया के बीच मुकाबले के विजेता से खेलेगी ।
पाकिस्तान और थाईलैंड का मुकाबला गीली आउटफील्ड के कारण देर से शुरू हुआ और इसे घटाकर 11 ओवर प्रति टीम कर दिया गया ।
टॉस जीतकर गेंदबाजी करने वाली थाईलैंड की टीम ने चार विकेट पर 91 रन बनाये । उसकी विकेटकीपर और तीसरे नंबर की बल्लेबाज एन कोंचारोएनकाइ ने 38 गेंद में 49 रन बनाये ।जवाब में पाकिस्तान के लिये शावाल जुल्फिकार (25) और फातिमा सना (21) ही उल्लेखनीय पारियां खेल सकी जबकि बाकी बल्लेबाज नाकाम रहे ।
थाईलैंड के लिये आफ स्पिनर ओनिचा कामचोम्फू ने तीन और सुनिदा सी ने दो विकेट लिये ।
भाषा मोना सुधीर
सुधीर