जापान के खिलाफ खिताब बचाने के अभियान की शुरुआत करेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम

Ads

जापान के खिलाफ खिताब बचाने के अभियान की शुरुआत करेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 02:20 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 02:20 PM IST

नागायो, 17 सितंबर (भाषा) पिछले सप्ताह दुबई में रिकॉर्ड आठवीं बार महिला टी20 एशिया कप जीतने के बाद गत चैंपियन और प्रबल दावेदार भारतीय क्रिकेट टीम शुक्रवार को यहां एशियाई खेलों में अपने खिताब बचाने के अभियान की शुरुआत क्वार्टरफाइनल में मेजबान जापान के खिलाफ करेगी।

दुबई में आठवां एशिया कप खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। लेकिन एशियाड के नॉकआउट प्रारूप में उनके पास गलतियों की गुंजाइश बहुत कम होगी।

महिला स्पर्धा में आठ टीम हिस्सा ले रही हैं और प्रतियोगिता सीधे क्वार्टरफाइनल से शुरू होगी। इसका मतलब है कि किसी भी टीम को टूर्नामेंट में परिस्थितियों के अनुरूप ढलने के लिए ग्रुप चरण के मुकाबले नहीं मिलेंगे और एक हार अभियान को समाप्त करने के लिए काफी होगी।

भारत के लिए शेफाली वर्मा अहम होंगी, उन्होंने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन किया था, जिसमें वह टीम की सबसे अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज और टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं। शीर्ष क्रम में उनकी निरंतरता ने भारत को संयुक्त अरब अमीरात में मजबूत शुरुआत दिलाई।

हालांकि स्मृति मंधाना का अभियान उतार-चढ़ाव भरा रहा था। वह भी भारत के एक और खिताबी अभियान की शुरुआत के साथ अपनी पुरानी लय हासिल करने के लिए उत्सुक होंगी।

भारत की गेंदबाजी काफी हद तक अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी के इर्द-गिर्द रहेगी। चरणी ने खुद को टीम के गेंदबाजी आक्रमण की अहम सदस्य के रूप में स्थापित किया है।

एशिया कप में चरणी भारत की शानदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों में शामिल थीं। 22 वर्षीय चरणी ने अपने 30वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में ही 50 विकेट पूरे करने की उपलब्धि हासिल की और उनकी मध्य ओवरों में रन रोकने की क्षमता अहम साबित हो सकती है।

वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर भी एशिया कप के औसत प्रदर्शन के बाद बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगी। दबाव की परिस्थितियों में उनका अनुभव ऐसे टूर्नामेंट में और अधिक महत्वपूर्ण हो सकता है जहां हर मुकाबला जीतना जरूरी है।

गेंदबाजी की बात करें तो भारत के पास काफी विकल्प हैं। नंदिनी शर्मा, रेणुका ठाकुर और क्रांति गौड़ तेज गेंदबाजी के जबकि दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, राधा यादव और टखने की चोट से उबर चुकीं श्रेयंका पाटिल टीम को स्पिन गेंदबाजी के कई विकल्प देती हैं।

सलामी जोड़ी के अलावा भारतीय बल्लेबाजी क्रम में भी गहराई है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष मध्य और निचले क्रम में तेजी से रन बनाने में सक्षम हैं।

भारतीय टीम उम्मीद करेगी कि शेफाली और मंधाना टीम को मजबूत आधार दें जिससे मध्य क्रम के बल्लेबाज खुलकर खेल सकें।

मजबूत प्रतिद्वंद्वी भारत के सामने मेजबान जापान घरेलू मैदान पर मौके का पूरा फायदा उठाना चाहेगा। जापान को भारत के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण का सामना करना होगा। उसे भारत के स्पिन विकल्पों के खिलाफ प्रभावी ढंग से खेलना होगा और साथ ही उसके गेंदबाजों को आक्रामक शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को रोकना होगा।

टीम इस प्रकार है:

भारत:

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमालिनी (विकेटकीपर), श्रेयंका पाटिल, भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, नंदनी शर्मा।

जापान:

माई यानागिडा (कप्तान), एरिका ओडा (उप-कप्तान), अहिल्या चंदेल, अयुमी फुजिकावा, हिनासे गोटो, हारुना इवासाकी, अकारी निशिमुरा (विकेटकीपर), शिमाको काटो, अयाका काटो-स्टैफोर्ड, एलेना कुसुदा-नायरन, नोनोहा यासुमोतो, मेग ओगावा, कुरुमी ओटा, सेइका सुमी, एरिका तोगुची-क्विन।

मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।

भाषा नमिता मोना

मोना