एशियाई युवा चैंपियनशिप: अंडर-19 लड़कों का पदक पक्का, लड़कियां क्वार्टर फाइनल में बाहर

Ads

एशियाई युवा चैंपियनशिप: अंडर-19 लड़कों का पदक पक्का, लड़कियां क्वार्टर फाइनल में बाहर

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 06:14 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 06:14 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) भारत की अंडर-19 लड़कों की टीम ने सोमवार को बैंकॉक में एशियाई युवा चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में हांगकांग को 3-1 से हराकर कम से कम कांस्य पदक और अगले साल होने वाली विश्व युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में सीधे प्रवेश पक्का कर लिया।

हांगकांग ने शुरुआती बढ़त बनाई जब ली की हो ने प्रियानुज भट्टाचार्य को 11-6, 7-11, 11-8, 11-8 से हराया। भारत ने पीबी अभिनंद के एक कड़े मुकाबले में वोंग एल्विन पर 8-11, 11-7, 11-3, 5-11, 11-4 की जीत से जल्द ही बराबरी कर ली।

फिर एमआर बालमुरुगन ने लो का किट को 11-8, 11-4, 11-7 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। अभिनंद ने ली की हो को 11-9, 9-11, 11-5, 11-6 से हराकर जीत पक्की कर दी।

भारतीय टीम अब सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय चीन का सामना करेगी। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत का कम से कम कांस्य पदक पक्का हो गया है। साथ ही सेमीफाइनल में पहुंचने वाली सभी चार टीम ने 2027 विश्व युवा चैंपियनशिप के लिए स्वत: क्वालीफिकेशन भी हासिल कर लिया है।

भारतीय लड़कों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले उन्होंने थाईलैंड और उज्बेकिस्तान को 3-0 से हराकर ग्रुप दो में शीर्ष स्थान हासिल किया था और फिर क्वार्टर फाइनल में बाय मिलने से सीधे प्रवेश किया।

हालांकि भारतीय अंडर-19 लड़कियां पदक दौर तक नहीं पहुंच सकीं और क्वार्टर फाइनल में हांगकांग से 1-3 से हार गईं। अब उन्हें अगले साल की विश्व युवा चैंपियनशिप के लिए एशियाई क्वालीफिकेशन प्रक्रिया के जरिए क्वालीफाई करना होगा।

इस बीच अंडर-15 बालिका टीम स्पर्धा में चीन ने क्वार्टर फाइनल में भारत को 3-0 से हराया।

इससे पहले अंडर-15 लड़कों की टीम क्वार्टर फाइनल में जापान से 0-3 से हार गई थी।

भाषा नमिता

नमिता