सुधारों के बल पर भारत ने 271 गीगावाट की सर्वाधिक बिजली मांग पूरी की : बिजली मंत्री

Ads

सुधारों के बल पर भारत ने 271 गीगावाट की सर्वाधिक बिजली मांग पूरी की : बिजली मंत्री

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 05:59 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 05:59 PM IST

वडोदरा, 29 जून (भाषा) केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को कहा कि देश में मई, 2026 में बिजली की सर्वकालिक उच्च मांग 271 गीगावाट (जीडब्ल्यू) को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। इसके साथ ही आगामी वर्ष में मांग में 30 गीगावाट की संभावित वृद्धि को देखते हुए 300 गीगावाट क्षमता के लिए तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने यह बात मध्य गुजरात के लिए आयोजित ‘वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन’ के चौथे संस्करण को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि 271 गीगावाट की मांग को पूरा करना केवल एक तकनीकी उपलब्धि नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में लागू की गई रणनीतिक योजना, निवेश और सुधारों का परिणाम है।

मनोहर लाल ने कहा कि भारत ने हाल की वैश्विक घटनाओं, विशेषकर पश्चिम एशिया के संकट के बावजूद अपनी ऊर्जा सुरक्षा को सफलतापूर्वक बनाए रखा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “इस वर्ष भारत ने आजादी के बाद से अब तक की सर्वाधिक बिजली मांग दर्ज की, जो मई में लगभग 271 गीगावाट तक पहुंच गई थी। हमने इस मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया। किसी भी तरह की कमी न हो, इसके लिए हमने 284 गीगावाट क्षमता की तैयारी पहले से की थी। भविष्य में डेटा केंद्रों और अन्य क्षेत्रों के विस्तार के कारण मांग में 30 गीगावाट की और वृद्धि का अनुमान है, जिसे देखते हुए 300 गीगावाट क्षमता की तैयारी कर ली गई है।”

भाषा योगेश अजय

अजय