मिलान, 30 अगस्त (एपी) एटलेटिको मैड्रिड ने मैदान के बाहर चल रहे विवादों को पीछे छोड़ते हुए शनिवार को ला लीगा (स्पेन की शीर्ष फुटबॉल लीग) में सेविला को 3-1 से हराया।
जूलियन अल्वारेज को टीम में शामिल नहीं किया गया, लेकिन एलेक्स बाएना के दो और एडेमोला लुकमैन के एक गोल की मदद से एटलेटिको ने पहले हाफ में ही 3-0 की बढ़त बना ली। यह सेविला की सत्र की पहली हार है।
——-
जर्मनी में पहली बार बुंडेसलीगा खेल रहे एलवर्सबर्ग ने शानदार शुरुआत करते हुए 2024 के चैंपियन बायर लीवरकुसेन को 3-2 से हरा दिया।
लुकास पेटकोव और अमेरिका के फॉरवर्ड कोल कैंपबेल ने नौ मिनट के अंदर गोल कर मेजबान टीम को बढ़त दिलाई। डेविड मोक्वा ने दूसरे हाफ की शुरुआत में स्कोर 3-0 किया।
पैट्रिक शिक ने 77वें मिनट में गोल कर लीवरकुसेन का खाता खोला जबकि क्रिस्टियन कोफाने ने इंजरी टाइम की शुरुआत में दूसरा गोल कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया लेकिन यह टीम के लिए काफी साबित नहीं हुआ।
एलवर्सबर्ग 2022 तक जर्मनी के चौथे स्तर की लीग में खेल रहा था।
——
इटली में फियोरेंटीना की 100वीं वर्षगांठ का जश्न फ्रोसिनोने के हाथों घरेलू मैदान पर 0-3 की हार से फीका पड़ गया।
पांच दिन पहले भी टीम को रोमा के खिलाफ 0-4 की करारी हार झेलनी पड़ी थी।
युवेंटस ने अपने स्थानापन्न खिलाड़ियों के गोल की मदद से पार्मा को 2-0 से हराया और लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
——
फ्रांस में लेंस के कप्तान फ्लोरियन थॉविन ने स्ट्रासबर्ग के खिलाफ 38वें मिनट में पेनल्टी पर अपना 100वां लीग-वन गोल किया, लेकिन उनकी टीम 1-2 से हार गई।
लियोन और ली हावरे का मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा।
एपी आनन्द
आनन्द