आयुष्मान खुराना ने एशियाई चैंपियन मेघना सज्जनार को प्रायोजित की राइफल
आयुष्मान खुराना ने एशियाई चैंपियन मेघना सज्जनार को प्रायोजित की राइफल
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) ‘विक्की डोनर’ फेम बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना ने मौजूदा एशियाई चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज मेघना सज्जनार की उपकरण संबंधी चुनौतियों के बारे में जानने के बाद उन्हें एक राइफल प्रायोजित की है।
आयुष्मान और मेघना की कभी मुलाकात नहीं हुई है और वह व्यक्तिगत रूप से भी उन्हें नहीं जानते हैं। इसके बावजूद, मेघना की परिस्थितियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने उनके लिए राइफल प्रायोजित करने की पेशकश की।
आयुष्मान के इस सहयोग से मेघना को विश्व स्तरीय उपकरण उपलब्ध हुआ, जिससे उन्हें बिना किसी परेशानी के प्रतियोगिताओं की तैयारी और अभ्यास जारी रखने में मदद मिली।
मेघना ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘वह मुझे नहीं जानते थे। हम कभी नहीं मिले थे। वह बस एक भारतीय खिलाड़ी को वैश्विक मंच पर जीतते देखना चाहते थे। उस राइफल की मदद से मैं दूसरे खिलाड़ियों के साथ बराबरी कर सकी। मैं बिना किसी समझौते के प्रशिक्षण ले सकी, दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का सामना कर सकी और आज जो हासिल किया है, वह हासिल कर सकी।’’
मेघना ने हाल ही में यहां कर्णी सिंह निशनेबाजी परिसर में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप की टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक और 10 मीटर एयर राइफल वर्ग में व्यक्तिगत कांस्य पदक जीता। इसके अलावा, उन्होंने काहिरा में आयोजित 2022 और 2025 विश्व चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।
भाषा
आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


