भारतीय पुरुष और महिला टेबल टेनिस टीम एशियाई खेलों से बाहर हुई
भारतीय पुरुष और महिला टेबल टेनिस टीम एशियाई खेलों से बाहर हुई
टोयोटा (जापान) 22 सितंबर (भाषा) भारतीय महिला टीम मंगलवार को यहां उत्तर कोरिया के हाथों 0-3 से हार के बाद एशियाई खेलों की टेबल टेनिस क्वार्टर फाइनल स्पर्धा से बाहर हो गई लेकिन वह अपने पुरुष समकक्षों से एक कदम बेहतर रही जो प्री-क्वार्टर फाइनल में ही बाहर हो गए थे।
भारतीय महिला टीम ने यहां ‘स्काई हॉल’ में थाईलैंड को कड़े संघर्ष के बाद 3-2 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई थी, लेकिन वह अपनी लय बरकरार नहीं रख सकी और कोरियाई टीम के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में करारी हार का सामना करना पड़ा।
विश्व रैंकिंग में 164वें स्थान पर काबिज किम कुम योंग ने शीर्ष रैंकिंग वाली भारतीय महिला एकल खिलाड़ी और 58वीं रैंक की श्रीजा अकुला को सीधे गेमों में 3-0 (11-7, 11-6, 11-5) से हराकर शानदार आगाज किया।
उत्तर कोरिया की 179वीं रैंकिंग वाली प्योन सोंग ग्योंग ने दूसरे मुकाबले में 76वीं रैंक की भारतीय खिलाड़ी यशस्विनी घोरपड़े को 3-0 (11-4, 11-3, 11-6) से रौंदते हुए एकतरफा जीत हासिल की।
भारत को 0-2 से पिछड़ने के बाद 66वीं रैंकिंग वाली दीया चिताले से कुछ खास प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन वह 169वीं रैंक की चा सु योंग के खिलाफ 0-3 (9-11, 7-11, 8-11) से संघर्षपूर्ण हार का शिकार हो गईं।
इससे पहले भारतीय महिला टीम ने दो बार पिछड़ने के बाद थाईलैंड को 3-2 से हराया था।
महिलाओं के मुकाबले में श्रीजा को थाईलैंड की ओरावन परानंग से 2-3 (11-7, 11-1, 9-11, 6-11, 12-10) से हार का सामना करना पड़ा।
दूसरा मैच भी पांच गेम तक चला जिसमें यशस्वी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी सुथासिनी सावेत्ताबुत को 3-2 (11-5, 5-11, 7-11, 11-9, 11-9) से हरा कर स्कोर 1-1 कर दिया।
दीया को हालांकि जिन्निपा सावेत्ताबुत से हार का सामना करना पड़ा। उनकी 2-3 (7-11, 11-5, 11-7, 7-11, 11-13) की हार से थाईलैंड ने एक बार फिर बढ़त कायम कर ली।
यशस्वी ने चौथे मैच में परानंग पर 3-0 (11-5, 11-8, 11-9) की शानदार जीत के साथ भारत की वापसी कराई, जबकि श्रीजा ने पांचवें मैच में वापसी करते हुए तीन गेम जीते और सुथासिनी के खिलाफ अपना मैच 3-1 (9-11, 11-6, 12-10, 11-8) से जीत कर भारत को अंतिम आठ पहुंचाया था।
भारतीय पुरुष टीम के लिए यह निराशाजनक प्रदर्शन रहा।
हरमीत देसाई ने पहला गेम 11-8 से जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन कोरिया के जांग वू-जिन से अगले तीन गेम हार गए और मैच 1-3 (11-8, 7-11, 8-11, 9-11) से हार गए।
दूसरे मैच में मानुष शाह दबाव ने कड़ी टक्कर दी लेकिन ओह जुंगसुंग ने इस रोमांचक मुकाबले को 3-2 (4-11, 11-8, 13-11, 11-13, 6-11) से जीत लिया।
भारत को वापसी करने का दरोमदार अब मानव ठक्कर पर था लेकिन वह भी एन जे-युन की चुनौती से पार नहीं पा सके। मानव 1-3 (10-12, 6-11, 11-7, 10-12) से हार गए।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


