नीली जींस, ‘कैमोफ्लाज’ पर रोक: एशियाई खेलों की निशानेबाजी रेंज में मीडिया के लिए ‘ड्रेस कोड’
नीली जींस, ‘कैमोफ्लाज’ पर रोक: एशियाई खेलों की निशानेबाजी रेंज में मीडिया के लिए ‘ड्रेस कोड’
(अजय मसंद)
नागोया, 23 सितंबर (भाषा) एशियाई खेलों की निशानेबाजी रेंज में सिर्फ खिलाड़ियों को ही नियमों का ध्यान नहीं रखना पड़ रहा है, बल्कि प्रतियोगिता की कवरेज कर रहे फोटोग्राफर और टीवी कैमरामैन के लिए भी ड्रेस कोड लागू है और आइची प्रांत जनरल निशानेबाजी गैलरी में इसे लेकर लगाए गए संकेतों से कोई भ्रम नहीं रह जाता।
अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) की नियमावली में ड्रेस कोड लंबे समय से शामिल है लेकिन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में इसे आम तौर पर इतने स्पष्ट और प्रमुख तरीके से प्रदर्शित नहीं किया जाता।
हालांकि आइची-नागोया एशियाई खेल आयोजन समिति (एआईएनएजीओसी) ने निशानेबाजी स्थल पर मान्यता प्राप्त उन फोटोग्राफर और टीवी कैमरामैन के लिए नियमों को स्पष्ट कर दिया है जिन्हें मैदान के अंदर जाने की अनुमति है। संदेश साफ है कि सार्वजनिक रूप से काम करने वाले मीडिया कर्मियों से सम्मानजनक और पेशेवर पहनावे की अपेक्षा की जाती है।
नागोया के केंद्र से करीब 70-75 किलोमीटर दूर पहाड़ियों में स्थित इस खूबसूरत निशनेबाजी गैलरी में जगह-जगह लगे संकेतों पर लिखा है, ‘‘निशानेबाजी स्पर्धाओं की कवरेज करने वाले सभी मीडिया को ड्रेस कोड का पालन करना होगा।’’
हालांकि इस संदेश में एक छोटी सी अतिशयोक्ति भी है। नियम मुख्य रूप से मैदान में काम करने वाले फोटोग्राफरों और टीवी कैमरामैन पर लागू होता है जबकि संकेतों में व्यापक रूप से ‘सभी मीडिया’ का उल्लेख किया गया है।
यह अंतर उस समय सामने आया जब हाल में एक वीडियो पत्रकार को नीली जींस के बजाय काली जींस पहनने को कहा गया। समस्या यह थी कि निशानेबाजी स्थल पहाड़ियों के बीच काफी दूर स्थित है और नागोया लौटकर कपड़े बदलने तथा वापस आने में करीब चार घंटे लग जाते जिससे पत्रकार का दिन लगभग खत्म हो जाता।
बाद में स्थिति स्पष्ट की गई कि नीली जींस पर रोक फोटोग्राफरों और टीवी कैमरामैन के लिए है, पत्रकारों के लिए नहीं।
स्थल पर लगे पोस्टर में प्रतिबंधित कपड़ों की सूची भी दी गई है। इसमें नीली जींस (काली जींस की अनुमति है), ‘कैमोफ्लाज’ (आसपास के माहौल में घुलने मिलने वाले) कपड़े और बहुत छोटे शॉर्ट्स (शॉर्ट्स की लंबाई उचित होनी चाहिए) शामिल हैं। इसके साथ लिखा है, ‘‘कृपया हर समय आईएसएसएफ ड्रेस कोड का पालन करें।’’
फोटोग्राफरों के लिए आईएसएसएफ का ड्रेस कोड इससे भी अधिक विस्तृत है। इसमें बिना आस्तीन की शर्ट या टैंक टॉप, कट-ऑफ कपड़े, फटे-पुराने कपड़े, पैबंद या छेद वाली पतलून, जिम या रनिंग शॉर्ट्स तथा सैंडल और फ्लिप-फ्लॉप जैसे खुले जूते प्रतिबंधित हैं। सुरक्षा कारणों से जूते पूरी तरह बंद होने चाहिए।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


