बत्रा को दूसरे कार्यकाल के लिए एफआईएच अध्यक्ष चुना गया

बत्रा को दूसरे कार्यकाल के लिए एफआईएच अध्यक्ष चुना गया

बत्रा को दूसरे कार्यकाल के लिए एफआईएच अध्यक्ष चुना गया
Modified Date: November 29, 2022 / 08:06 pm IST
Published Date: May 22, 2021 1:34 pm IST

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) भारत के नरिंदर बत्रा को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के अध्यक्ष पद पर दोबारा चुना गया है। हॉकी की वैश्विक संस्था एफआईएच की 47वीं आनलाइन कांग्रेस के दौरान बत्रा ने अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में बेल्जियम हॉकी महासंघ के अध्यक्ष मार्क कोड्रोन को बेहद करीबी मुकाबले में दो वोट से हराया।

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के सदस्य बत्रा को शुरू से ही जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा था लेकिन बेल्जियम के प्रतिद्वंद्वी ने उन्हें कड़ी टक्कर दी।

आनलाइन मतदान प्रक्रिया के दौरान बत्रा को 63 जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 61 मत मिले। मतदान में 124 सदस्य संघों ने हिस्सा लिया।

मौजूदा महामारी के कारण लागू यात्रा प्रतिबंधों के कारण एफआईएच कांग्रेस का आयोजन आनलाइन किया गया।

मुकाबले के कड़े होने का अंदाजा इस बात से लग सकता है कि उम्मीदवार को जीत के लिए 63 मत की दरकार थी और बत्रा को इतने ही मत मिले।

बत्रा अब 2024 तक एफआईएच अध्यक्ष रहेंगे क्योंकि एफआईएच ने पिछले साल कांग्रेस को स्थगित किए जाने के कारण कार्यकाल चार साल से घटाकर तीन साल कर दिया है।

इस कांग्रेस का आयोजन पिछले साल होना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे स्थगित कर दिया गया।

बत्रा 2016 में एफआईएच के पहले गैर यूरोपीय अध्यक्ष बने थे। उन्होंने एफआईएच की 45वीं कांग्रेस के दौरान एकतरफा जीत दर्ज की थी।

भाषा

सुधीर आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में