घरेलू क्रिकेट के लिए कैंपा, एसबीआई लाइफ और चैटजीपीटी के साथ बीसीसीआई की साझेदारी

Ads

घरेलू क्रिकेट के लिए कैंपा, एसबीआई लाइफ और चैटजीपीटी के साथ बीसीसीआई की साझेदारी

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 09:38 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 09:38 PM IST

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारत के घरेलू क्रिकेट के लिए कैंपा, एसबीआई लाइफ और चैटजीपीटी को एसोसिएट पार्टनर बनाते हुए बताया कि तीनों कंपनियों के साथ दो सत्रों के लिए हुए इन करारों की संयुक्त कीमत 130 करोड़ रुपये से अधिक है।

यह रकम पिछले चक्र की तुलना में करीब 44 प्रतिशत अधिक है।

इन साझेदारियों के साथ बीसीसीआई ने अपने वाणिज्यिक पोर्टफोलियो का और विस्तार किया है। पेय पदार्थ, बीमा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक से जुड़े प्रमुख ब्रांड अब भारतीय क्रिकेट से जुड़ेंगे। इससे इन कंपनियों को क्रिकेट प्रशंसकों के साथ जुड़ने और अपने ब्रांड की पहुंच बढ़ाने के नए अवसर मिलेंगे।

बीसीसीआई ने कहा कि ये साझेदारियां इस बात को दर्शाती हैं कि भारतीय क्रिकेट कारोबार के लिए एक प्रभावी मंच है, जहां कंपनियां अपनी दृश्यता बढ़ाने के साथ बड़े और जुनूनी प्रशंसक वर्ग तक पहुंच बना सकती हैं।

यह साझेदारी भारत की आगामी घरेलू श्रृंखला में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबलों से शुरू होगी और मार्च 2028 तक चलेगी। इस दौरान भारत में होने वाले सभी घरेलू अंतरराष्ट्रीय मुकाबले इसके दायरे में होंगे।

बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा, “कैंपा, एसबीआई लाइफ और चैटजीपीटी के साथ साझेदारी भारतीय क्रिकेट के मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र की बड़ी पुष्टि है।”

उन्होंने कहा, “इन साझेदारियों के संयुक्त मूल्य में हुई बड़ी वृद्धि विशेष रूप से उत्साहजनक है। यह दर्शाती है कि प्रमुख ब्रांड बीसीसीआई से जुड़ने से मिलने वाली पहुंच, प्रशंसकों की भागीदारी और व्यावसायिक संभावनाओं पर कितना भरोसा करते हैं।”

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “घरेलू सत्र की साझेदारियों के मूल्य में उल्लेखनीय वृद्धि इस संपत्ति की मजबूती और बीसीसीआई तथा टीम इंडिया पर ब्रांडों के भरोसे को दर्शाती है।’’

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर

ताजा खबर