बरनिका ने इंडोर चैंपियनशिप में महिलाओं की पोल वॉल्ट में राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया

बरनिका ने इंडोर चैंपियनशिप में महिलाओं की पोल वॉल्ट में राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया

बरनिका ने इंडोर चैंपियनशिप में महिलाओं की पोल वॉल्ट में राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया
Modified Date: March 24, 2026 / 09:28 pm IST
Published Date: March 24, 2026 9:28 pm IST

भुवनेश्वर, 24 मार्च (भाषा) तमिलनाडु की बरनिका एलंगोवन ने राष्ट्रीय इंडोर चैंपियनशिप के शुरुआती दिन महिला पोल वॉल्ट स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

इस 29 वर्षीय एथलीट ने 4.22 मीटर की ऊंचाई पार कर यह नई उपलब्धि हासिल की।

बरनिका का यह प्रयास पहले से कायम आउटडोर राष्ट्रीय रिकॉर्ड 4.21 मीटर से भी बेहतर रहा, जो 2022 से राजी मीणा पौलराज के नाम दर्ज था।

यह राष्ट्रीय इंडोर चैंपियनशिप पहली बार आयोजित की जा रही है, इसलिए महिला पोल वॉल्ट के लिए आधिकारिक तौर पर कोई इंडोर राष्ट्रीय रिकॉर्ड पहले से मौजूद नहीं था।

केरल की ब्लेसी कुंजुमोन (3.95 मीटर) और मारिया जैसन (3.38 मीटर) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।

बरनिका का 4.22 मीटर का प्रयास अब राष्ट्रीय इंडोर और समग्र, दोनों रिकॉर्ड होगा। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) द्वारा इसे मान्यता देना मात्र एक औपचारिकता होगी।

राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (एनएडीए) के अधिकारियों ने स्पर्धा के बाद डोप टेस्ट के लिए उनके नमूने लिए, जो राष्ट्रीय रिकॉर्ड की मान्यता के लिए आवश्यक है।

बरनिका ने अपने ही रिकॉर्ड को और बेहतर करने का प्रयास किया, लेकिन 4.25 मीटर की ऊंचाई पर तीनों प्रयासों में असफल रहीं।

उन्होंने अपनी उपलब्धि पर कहा, “आगे बड़ी प्रतियोगिताएं हैं, इसलिए मैं तकनीक पर ध्यान दे रही थी और यह मेरे लिए कारगर साबित हुआ। मैं विशेष रूप से ‘रनवे अप्रोच’ पर काम कर रही थी, जिसमें पहले मुझे दिक्कत हो रही थी।”

उन्होंने इंडोर प्रतियोगिताओं को पोल वॉल्ट के खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद बताते हुए कहा कि यहां हवा का प्रभाव नहीं होता।

उन्होंने कहा, “पोल वॉल्ट में हवा एक बड़ा कारक है। तेज हवा में रनवे पर गति बनाना मुश्किल होता है, जबकि इंडोर में ऐसी समस्या नहीं होती, जिससे एथलीट बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।”

अन्य स्पर्धाओं में स्थानीय एथलीट सरुन पायासिंह ने पुरुष लंबी कूद में 7.80 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता। 25 वर्षीय पायासिंह ने तमिलनाडु के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी त्रिकूद खिलाड़ी प्रवीण चित्रावेल को पछाड़ा, जिन्होंने 7.78 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया। रेलवे के पी. डेविड 7.69 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

पायासिंह ने कहा, “यह मेरी पहली इंडोर प्रतियोगिता है और स्वर्ण पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। मैं पदक के बारे में नहीं सोच रहा था, बस अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहता था।”

ओडिशा के कालाहांडी जिले के एक किसान परिवार से आने वाले पायासिंह ने बताया कि उन्हें जिला स्तर के प्रतिभा खोज कार्यक्रम के दौरान पहचाना गया था और उन्होंने पहले फुटबॉल भी खेला है।

शिवाजी परशुराम ने आठ मिनट 9.88 सेकंड का समय लेकर चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। मध्य प्रदेश के विनोद सिंह 8:16.93 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि छत्तीसगढ़ के राहुल कुमार वर्मा ने 8:18.21 के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

परिणाम:

पुरुष:

800 मीटर: मोहम्मद अफसल (वायु सेना) 1:47.86 सेकंड, कल्याण जेआर (कर्नाटक) 1:53.98 सेकंड, सायन करमाकर (पश्चिम बंगाल) 1:56.98 सेकंड।

3,000 मीटर: शिवाजी परशुराम (रिलायंस) 8:09.88 सेकंड, विनोद सिंह (मध्य प्रदेश) 8:16.93 सेकंड, राहुल कुमार वर्मा (छत्तीसगढ़) 8:18.21 सेकंड।

60 मीटर बाधा दौड़: कृषक एम (कर्नाटक) 7.71 सेकंड, रथीश पी (रिलायंस) 7.84 सेकंड, मुहम्मद लाजान (जेएसडब्ल्यू) 8.00 सेकंड।

लंबी कूद: सरुन पायासिंह (ओडिशा) 7.80 मीटर, प्रवीण चित्रावेल (जेएसडब्ल्यू) 7.78 मीटर, पी. डेविड (रेलवे) 7.69 मीटर।

गोला फेंक: रवि कुमार (बीएसएफ) 17.17 मीटर, अधीश घिल्डियाल (उत्तराखंड) 16.92 मीटर, बालाजी (तमिलनाडु) 16.74 मीटर।

महिला:

3,000 मीटर: प्रियंका सी (कर्नाटक) 9:42.05 सेकंड, काजल रंगनाथ (गुजरात) 9:44.01 सेकंड, सुष्मिता तिग्गा (ओडिशा) 10:22.30 सेकंड।

गोला फेंक: रेखा (एनसीओई पटियाला) 15.63 मीटर, मयूरी अराडे (कर्नाटक) 9.15 मीटर।

महिला अंडर-20:

गोला फेंक: डोना मारिया (केरल) 13.35 मीटर, खुशबू (हरियाणा) 12.03 मीटर, अक्षया जी.आर. (तमिलनाडु) 11.89 मीटर।

पोल वॉल्ट: बरनिका एलंगोवन (तमिलनाडु) 4.22 मीटर, ब्लेसी कुंजुमोन (केरल) 3.95 मीटर, मारिया जैसन (केरल) 3.38 मीटर।

लंबी कूद: अनामिका के.ए. (जेएसडब्ल्यू) 6.05 मीटर, मनीषा मेरेल (ओडिशा) 6.04 मीटर, शेरिन ए (जेएसडब्ल्यू) 5.92 मीटर।

भाषा आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में