स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर विश्व कप फाइनल में बनाई जगह
स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर विश्व कप फाइनल में बनाई जगह
अर्लिंगटन, 14 जुलाई (भाषा) स्पेन ने फीफा विश्व कप सेमीफाइनल में मंगलवार को यहां फ्रांस को 2-0 से हराकर 2010 के बाद पहली बार फाइनल में प्रवेश कर लिया।
मिकेल ओयारजाबाल ने पेनल्टी पर गोल कर स्पेन को बढ़त दिलाई, जबकि पेड्रो पोरो ने दूसरा गोल दागकर जीत पक्की कर दी।
अपने 19वें जन्मदिन के एक दिन बाद मैदान में उतरे युवा खिलाड़ी लामिन यामाल का एक गोल बेहद करीबी ऑफसाइड फैसले के कारण रद्द कर दिया गया। यह मौका 58वें मिनट में पेड्रो पोरो और दानी ओल्मो के बेहतरीन तालमेल से स्पेन की बढ़त 2-0 होने के तुरंत बाद आया।
स्पेन को हालांकि शुरुआती बढ़त दिलाने में यामाल की सूझबूझ भरी खेल-समझ ही काफी अहम साबित हुई।
स्पेन अब रविवार को न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड में होने वाले फाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच बुधवार को अटलांटा में खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से भिड़ेगा।
फीफा रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर काबिज फ्रांस और उसके स्टार स्ट्राइकर किलियन एमबाप्पे लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचने वाली इतिहास की केवल तीसरी टीम बनने की कोशिश में थे।
इस हार के बाद अब फ्रांस शनिवार को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में तीसरे स्थान के मुकाबले में उतरेगा।
फाइनल रविवार को न्यूयॉर्क सिटी के निकट मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा।
फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर स्पेन ने लगातार तीसरे साल किसी बड़े टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में फ्रांस को हराया है। यामाल ने 2024 यूरोपीय चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में अपने 17वें जन्मदिन से कुछ दिन पहले फ्रांस के खिलाफ 2-1 की जीत में गोल किया था। वहीं पिछले वर्ष यूएफा नेशंस लीग में भी स्पेन ने फ्रांस को 5-4 से मात दी थी।
पिछले शुक्रवार को बेल्जियम पर क्वार्टर फाइनल जीत के बाद यामाल ने कहा था कि फ्रांस को स्पेन से डरना चाहिए। सेमीफाइनल के नतीजे ने उनकी इस बात को सही साबित कर दिया।
स्पेन को 22वें मिनट में मिली पेनल्टी पर मिकेल ओयारजाबाल ने गोल किया। यह पेनल्टी तब मिली जब फ्रांस के डिफेंडर लुकास डिन्ये ने पेनल्टी क्षेत्र में लामिन यामाल को गेंद को दूर हटाने के प्रयास में फाउल कर दिया।
डिन्ये का पहला हेडर सही नहीं बैठा, जिसके बाद वह गेंद को दूर करने का कोशिश कर रहे थे। तभी यामाल पीछे से तेजी से पहुंचे और गेंद के लिए चुनौती दी। इस दौरान गेंद उछलकर यामाल की कोहनी से लगी और अगले ही पल डिन्ये की किक भी उन्हें लग गई। फ्रांस के लिए अपना 63वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे डिन्ये का 33वां जन्मदिन केवल छह दिन बाद है।
ओयारजाबाल का यह मौजूदा विश्व कप का पांचवां गोल रहा। इसी के साथ टूर्नामेंट में पहली बार सात मैचों के दौरान दोनों टीमों में से किसी एक को पिछड़ना पड़ा। स्पेन के लिए 60 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में यह ओयारजाबाल का 30वां गोल है।
एपी
आनन्द
आनन्द

Facebook


