सायली का बड़ा उलटफेर, मनिका को हराकर यूपी प्रोमेथियंस को दिलाई जीत

सायली का बड़ा उलटफेर, मनिका को हराकर यूपी प्रोमेथियंस को दिलाई जीत

सायली का बड़ा उलटफेर, मनिका को हराकर यूपी प्रोमेथियंस को दिलाई जीत
Modified Date: July 14, 2026 / 11:26 pm IST
Published Date: July 14, 2026 11:26 pm IST

पणजी, 14 जुलाई (भाषा) उभरती हुई खिलाड़ी सायली वानी ने अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) में बेहद रोमांचक मुकाबलों में से एक में भारतीय स्टार मनिका बत्रा को गोल्डन प्वाइंट पर हराकर यूपी प्रोमेथियंस को सातवें सत्र की पहली जीत दिलाई।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को खेले गये रोमांचक मुकाबले में यूपी प्रोमेथियंस ने अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स को 8-7 से शिकस्त दी।

मुकाबले का फैसला दिन के अंतिम मैच में हुआ, जहां सायली ने पहले गेम को 5-11 से गंवाने के बाद दूसरे गेम में 3-7 से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी कर 11-8 से जीत दर्ज की। निर्णायक गेम में भी सायली 7-10 से पीछे थीं और यूपी हार की कगार पर था।

सायली ने अद्भुत धैर्य और संयम का परिचय देते हुए लगातार तीन टाई प्वाइंट बचाए और मुकाबले को गोल्डन प्वाइंट तक पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने गोल्डन प्वाइंट जीतकर भारत की शीर्ष खिलाड़ियों में शुमार मनिका बत्रा के खिलाफ उलटफेर भरी जीत दर्ज की।

पूरे मुकाबले में दोनों टीमों के बीच लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिले। पायस जैन ने पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए सुधांशु ग्रोवर को पराजित किया। वहीं, सोफिया पोलकानोवा ने दो बार की यूटीटी एमवीपी यांगजी लियू को हराकर अहमदाबाद को शुरुआती बढ़त दिलाई।

इसके बाद यूपी प्रोमेथियंस ने जोरदार पलटवार किया। रिकार्डो वाल्थर और स्वस्तिका घोष की जोड़ी ने मिश्रित युगल मुकाबले में सीधे गेमों में जीत दर्ज की। इस दौरान दोनों गेम गोल्डन प्वाइंट पर जीते गए, जिससे मुकाबले का रुख यूपी के पक्ष में मुड़ गया।

एड्रियन रासेनफोस ने वाल्थर को तीन गेम तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में हराकर स्कोर फिर बराबरी पर ला दिया। दूसरे गेम में पिछड़ने के बावजूद उनकी वापसी ने मुकाबले का फैसला महिला एकल पर छोड़ दिया।

सायली ने अपने करियर के सबसे यादगार प्रदर्शनों में से एक पेश करते हुए यूपी प्रोमेथियंस को सत्र की पहली जीत दिलाई।

भाषा

आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में