अमेरिकी निवेशकों के लिये आईपीएल खेलों के विकास का बड़ा मौका : आरसीबी के नए सह मालिक गजवानी

अमेरिकी निवेशकों के लिये आईपीएल खेलों के विकास का बड़ा मौका : आरसीबी के नए सह मालिक गजवानी

अमेरिकी निवेशकों के लिये आईपीएल खेलों के विकास का बड़ा मौका : आरसीबी के नए सह मालिक गजवानी
Modified Date: March 27, 2026 / 05:24 pm IST
Published Date: March 27, 2026 5:24 pm IST

(कुशान सरकार)

नयी दिल्ली, 27 माच (भाषा) टाइम्स इंटरनेट लिमिटेड के चेयरमैन सत्यन गजवानी ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका की मशहूर कंपनियों का आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स जैसी पुरानी फ्रेंचाइजी में हिस्सेदारी खरीदना इस बात को साबित करता है कि ये निवेशक आईपीएल को ‘दुनिया में खेल के क्षेत्र में सबसे ज्यादा विकास के मौके के रूप’ में देखते हैं।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हाल में स्वामित्व बदलाव इसके व्यावसायिक मूल्य में भारी उछाल को दिखाते हैं जिसमें टीमें अब अरबों डॉलर के मूल्यांकन पर खरीदी और बेची जा रही हैं जो इसे एक शीर्ष वैश्विक खेल टूर्नामेंट के रूप में स्थापित करता है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के नए सह मालिक गजवानी ने ‘पीटीआई’ से बातचीत में कहा, ‘‘जैसा कि आपने देखा होगा, इस प्रक्रिया के दौरान कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियां टीमों में दिलचस्पी ले रही थीं। यह आईपीएल और डब्ल्यूपीएल (महिला प्रीमिलयर लीग) की अब तक की सफलता और उनके आगे की प्रगति के लिए पुष्टि है। इनमें से कई निवेशक आज आईपीएल को दुनिया भर में खेल के क्षेत्र में सबसे ज्यादा विकास का मौका मानते हैं। ’’

गजवानी उस ग्रुप का हिस्सा हैं जिसमें आदित्य बिड़ला ग्रुप, टाइम्स ग्रुप, डेविड ब्लिट्जर का बोल्ट ग्रुप और अमेरिकी प्राइवेट इक्विटी फर्म ब्लैकस्टोन की बीएक्सपीई शामिल हैं जिसने यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड से आरसीबी में शत प्रतिशत हिस्सेदारी 1.78 अरब डॉलर (16,700 करोड़ रुपये) में खरीदी।

राजस्थान रॉयल्स के ग्रुप में वॉलमार्ट के मालिक रॉब वॉल्टन शामिल हैं जिनके पास एनएफएल टीम डेनवर ब्रोंकोस और शेला फोर्ड हेम्प (फोर्ड ग्रुप से जुड़ी) का भी मालिकाना हक है।

आरसीबी के ग्रुप में डेविड ब्लिट्जर भी शामिल है जो एनबीए की दिग्गज टीम फिलेडेल्फिया 76अर्स के मालिक हैं।

गजवानी नए मालिकों के पदभार संभालने के बाद उपाध्यक्ष होंगे। उन्होंने कई मुद्दों पर बात की जिसमें बोली सहित पुरुष टीम के सबसे बड़े आइकॉन विराट कोहली के बारे में चर्चा हुई।

यह पूछने पर कि दो अरब डॉलर से कम की कीमत पर यह सौदा बहुत सस्ता था तो उन्होंने कहा, ‘‘मीडिया ने कीमत को देखते हुए इसे बहुत सस्ता बताया है। लेकिन कीमत हमेशा व्यक्तिपरक होती है। यह एक मजबूत फ्रेंचाइजी के लिए मजबूत कीमत है और मुझे लगता है कि खरीदार और बेचने वाले दोनों ही इससे खुश हैं। ’’

गजवानी ने बताया कि टाइम्स ग्रुप की भी राजस्थान रॉयल्स को खरीदने में दिलचस्पी थी। जब उनसे पूछा गया कि वह, आर्यमन बिड़ला, बोल्ट ग्रुप और ब्लैकस्टोन एक साथ कैसे आए तो उन्होंने कहा कि इसका बहुत कुछ श्रेय इस बात को जाता है कि हर संस्था एक-दूसरे की पूरक थी।

पिछले 18 सत्र से कोहली आरसीबी की पहचान का एक अहम हिस्सा रहे हैं और गजवानी इस बात को समझते हैं। एक बार जब नए मालिक इस सौदे पर हस्ताक्षर कर देंगे तो वे भारत के इस महान पूर्व कप्तान के साथ विस्तार से बातचीत करने की योजना बना रहे हैं ताकि उनके भविष्य के लक्ष्यों को समझा जा सके।

उन्होंने कहा, ‘‘विराट एक दिग्गज खिलाड़ी हैं और हम उनके साथ साझेदारी करके खुद को सौभाग्यशाली महसूस करते हैं। ’’

गजवानी ने कहा, ‘‘जब यह करार आखिरकार पूरा हो जाएगा तो हम उनके और उनकी टीम के साथ विस्तार से बातचीत करेंगे ताकि उनके लक्ष्यों और उद्देश्यों को समझ सकें और यह जान सकें कि हम मिलकर सभी संबंधित पक्षों के लिए सफलता कैसे सुनिश्चित कर सकते हैं। ’’

गजवानी ने संकेत दिया कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के नाम में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा क्योंकि यह ब्रांड ‘बेहद मजबूत’ रहा है।

भाषा नमिता मोना

मोना


लेखक के बारे में