आईओसी खिलाड़ी आयोग के उपाध्यक्ष के तौर पर बिंद्रा का कार्यकाल खत्म
आईओसी खिलाड़ी आयोग के उपाध्यक्ष के तौर पर बिंद्रा का कार्यकाल खत्म
नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) भारत के दिग्गज निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के खिलाड़ी आयोग के उपाध्यक्ष के तौर पर अपने आठ साल के कार्यकाल के खत्म होने की घोषणा की और अपने इस समय को अपनी खेल यात्रा के सबसे सार्थक अध्यायों में से एक बताया।
बीजिंग ओलंपिक 2008 में भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बने 43 साल के बिंद्रा की जगह पैनल में कीनिया के रग्बी खिलाड़ी हम्फ्री कायांगे ने ली। इटली मे शीतकालीन ओलंपिक के दौरान खिलाड़ी आयोग का पुनर्गठन किया गया।
बिंद्रा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘दुनिया भर के खिलाड़ियों की सेवा करना खेल में मेरे सफर के सबसे सार्थक अध्याय में से एक रहा है। उनकी आवाज, उनकी चिंताओं, उनकी उम्मीदों और उनके सपनों को पूरा करना एक ऐसी जिम्मेदारी है जिसे मैंने कभी हल्के में नहीं लिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हर बातचीत, हर फैसला, मेज पर हर पल एक ही सीधी सी सोच से चलता था कि खिलाड़ियों को हमेशा ओलंपिक अभियान के केंद्र में रहना चाहिए।’’
अपने साथियों को असाधारण बताते हुए बिंद्रा ने कहा कि उनमें से हर एक ने खिलाड़ी प्रतिनिधित्व को मजबूत करने और यह पक्का करने की कोशिश की कि उनकी आवाज सुनी जाए और उसका सम्मान किया जाए।
बिंद्रा ने लिखा, ‘‘मैंने जो बनाया है उस पर बहुत गर्व के साथ और आगे जो होने वाला है उसके लिए उम्मीद के साथ यह भूमिका छोड़ रहा हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘खिलाड़ी प्रतिनिधित्व का भविष्य मजबूत है क्योंकि इसे हिम्मत वाले, सोचने वाले और जोशीले लोग चलाते हैं जो खुद से बड़ी किसी चीज में विश्वास करते हैं।’’
उन्नीस सदस्यों वाले आईओसी खिलाड़ी आयोग के सदस्य कई तरह की गतिविधियों का हिस्सा हैं जिसमें ओलंपिक के लिए उम्मीदवार शहर मूल्यांकन प्रक्रिया, खेलों के आयोजन का निरीक्षण, डोपिंग के खिलाफ लड़ाई और महिलाओं के लिए ट्रेनिंग तथा शैक्षिक परियोजनाओं का विकास करना शामिल है।
भाषा सुधीर पंत
पंत

Facebook


